Action by Police: मॉस्क न पहनना और थूकना पड़ा भारी, 1050 लोगों के खिलाफ कार्रवाई
अब तक 5096 लोगों का चालान कर चुकी है पुलिस। अब तक 5.11 लाख रुपये वसूल चुकी है जुर्माना।
आगरा, अली अब्बास। कोरोना काल में अनलॉक के दौरान महामारी को फैलने से रोकने के लिए पुलिस ने अब सार्वजनिक स्थानों पर थूकने और बिना मॉस्क निकलने वाले लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को पुलिस ने अभियान चलाकर ऐसे 1050 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस अब तक 5096 लोगों का चालान कर चुकी है। उनसे 5.11 लाख रुपये का जुर्माना वसूल चुकी है। इस कार्रवाई की जद में आप भी न आ जाएं, इसलिए ध्यान रखिए घर से बाहर निकलते वक्त मास्क जरूर लेकर जाएं, साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर थूकने की गलती कतई न करें।
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए शासन द्वारा लोगों को बिना मॉस्क के घर से बाहर नहीं निकलने के आदेश हैं। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थान पर थूकने पर भी कार्रवाई के निर्देश हैं। इसके लिए 100 साल से भी पुराने महामारी एक्ट में शासन द्वारा संशोधन किया गया है। लॉकडाउन के दौरान पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा मॉस्क पहने और शारीरिक दूरी का पालन करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया। लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से राेकने के लिए सतर्क और सुरक्षित रहने को जागरूक किया। लोगों को भीड़ नहीं जुटाने की कहा। लॉकडाउन में भीड़ जुटाने के मामले में पुलिस ने 1900 से ज्यादा मुकदमे दर्ज किए। इनमें कई हजार आरोपित बनाए गए।
वहीं एक जून से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद पुलिस ने बिना मॉस्क घरों से निकलने वालों पर शिकंजा कसने काम शुरू किया है। इनमें पान और गुटखा खाकर सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वाले भी शामिल हैं। एक जून से अब तक पुलिस बिना माॅस्क के घर से निकलने और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वाले 5096 लोगों पर कार्रवाई कर चुकी है।शनिवार को भी पुलिस ने 1050 लोगों पर कार्रवाई की। उनसे 1,12,400 रुपये जुर्माना वसूल किया। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि बिना मॉस्क और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वालों से 5.11 लाख रुपये का कुल जुर्माना वसूल किया जा चुका है। बिना मॉस्क बाहर घूमने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।