विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में पुलिस की कार में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, हादसे में सिपाही की मौत

Published: Mon, 21 Sep 2026 01:11 AM (IST)

आगरा में गश्त से लौट रहे दो पुलिसकर्मियों की कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. आगरा में पुलिसकर्मियों की कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी।

  2. हादसे में सिपाही हर्ष तोमर की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

  3. घायल सिपाही हरीश शर्मा की हालत अब खतरे से बाहर है।

संवाद सूत्र, आगरा। गश्त के साथ यूजीसी नियमों को लेकर प्रदर्शन करने वालों को नोटिस तामील कराने निकले दो सिपाहियों की कार में रविवार सुबह उजरई में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में मेरठ के रहने वाले सिपाही हर्ष तोमर की मौके पर मौत हो गई। साथी सिपाही हरीश शर्मा घायल हो गए। खंदौली थाने में तैनात सिपाही हर्ष तोमर और हरीश शर्मा की शनिवार शाम चीता मोबाइल पर ड्यूटी लगी थी।

दोनों सिपाही रात में यूजीसी का विरोध कर रहे लोगों को नोटिस तामील कराने का काम कर रहे थे। रविवार सुबह साढ़े तीन बजे दोनों उजरई की तरफ से कार से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आते अज्ञात वाहन ने उनकी कार में भीषण टक्कर मार दी। कार के अगले हिस्से को परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक सीट पर फंसे सिपाही हर्ष तोमर और उनके साथी हरीश शर्मा को बाहर निकाला।

दुर्घटना में मेरठ के पल्लवपुरम निवासी 28 वर्ष के हर्ष तोमर की मौके पर ही मौत हो गई। वह वर्ष 2021 बैच के सिपाही थे। हर्ष तोमर दो वर्षों से खंदौली थाने में तैनात थे। इससे पहले वह थाना एत्माद्दौला की फाउंड्री नगर चौकी में तैनात रहे थे।

वहीं, दुर्घटना में घायल सिपाही हरीश शर्मा, ढाई वर्ष से खंदौली थाने में तैनात हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर है। डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद सिपाही के शव को पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ आनर के बाद स्वजन के सिपुर्द कर दिया गया। टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग चेक की जा रही है।