विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में 18 घंटे तक गैस सप्लाई रहेगी ठप, नहीं मिलेगी PNG और CNG; कर लें बंदोबस्त

By Amit Dixit Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 27 Oct 2026 09:43 AM (IST)

आगरा में मंगलवार शाम 5 बजे से बुधवार सुबह 11 बजे तक 18 घंटे के लिए पीएनजी और सीएनजी की ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

जागरण संवाददाता, आगरा। अगर आपके घर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति होती है या फिर कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) का वाहन है तो देर न करें। मंगलवार सुबह ही इंतजाम कर लें क्योंकि शाम पांच बजे से लेकर 18 घंटे तक पीएनजी और सीएनजी (यमुनापार के छह पंपों को छोड़) की आपूर्ति बंद रहेगी। बुधवार सुबह 11 बजे से दोनों की आपूर्ति शुरू होगी।

इस अवधि में कंपनी की टीम टीपी नगर में पाइप लाइन की मरम्मत कराएगी। यह कार्य होने से गेल गैस लिमिटेड की पाइप लाइन से गैस लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। टीम छह मीटर लंबे पाइप को बदलेगी। डीएसओ आनंद सिंह ने बताया कि शहर में दो दर्जन होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट में भी व्यावसायिक पीएनजी की आपूर्ति नहीं होगी।

80 हजार हैं सक्रिय उपभोक्ता

शहर में पीएनजी के 1.10 लाख उपभोक्ता हैं जिसमें 80 हजार सक्रिय उपभोक्ता हैं। हर दिन 35 हजार स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर गैस की खपत है। इसका रेट 56.50 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर है। ऐसे उपभोक्ताओं को 18 घंटे तक खुद ही नाश्ते, खाना का इंतजाम करना होगा। अधिकांश उपभोक्ताओं ने एलपीजी कनेक्शन भी जमा कर दिया है। ऐसे में इनके पास अब घरेलू सिलिंडर नहीं है।

अगर विकल्प की बात की जाए तो उपभोक्ता इंडक्शन का सहारा ले सकते हैं। नाश्ता और खाना बाहर से मंगा सकते हैं। ग्रीन गैस कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि 89 व्यावसायिक पीएनजी उपभोक्ता भी हैं जिसमें होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा शामिल हैं।

26 पंपों में नहीं मिलेगी सीएनजी

शहर में सीएनजी के 32 पंप हैं। इसमें छह पंप यमुनापार क्षेत्र में हैं। नेशनल हाईवे-19, जीवनी मंडी रोड, बोदला रोड, टीपी नगर रोड, खेरिया मोड़ रोड सहित 26 पंपों में गैस की आपूर्ति नहीं होगी। सिर्फ छह पंपों में सीएनजी की आपूर्ति होगी। 18 घंटे तक सीएनजी न मिलने से सबसे अधिक परेशानी 13 हजार आटो चालकों और 25 हजार सीएनजी वाहन चालकों को उठानी पड़ेगी। इन्हें गैस लेने के लिए लंबी लाइन में लगना पड़ सकता है। हर दिन एक लाख किग्रा सीएनजी की खपत है।