2000 से ऊपर बिल तो रखें कैश का इंतजाम, UPI के नए नियम पर आगरा में पेट्रोल पंप संचालकों का फैसला
आगरा में पेट्रोल पंप संचालक 15 अक्टूबर से 2000 रुपये से अधिक के UPI भुगतान पर नकद लेना शुरू करेंगे। ...और पढ़ें

आगरा का एक पेट्रोल पंप।
जागरण संवाददाता, आगरा। अगर आप पेट्रोल या फिर डीजल भरवाने के दौरान UPI भुगतान करते हैं तो 15 अक्टूबर से आपकी परेशानी बढ़ने जा रही है। पेट्रोल पंप संचालकों ने पांच रुपये के फिक्स्ड मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) का विरोध शुरू कर दिया है। इससे उन्हें नुकसान होगा। इसकी भरपाई आसान नहीं होगी।
ऐसे में दो हजार रुपये से अधिक का ईंधन भरवाने पर कैश लेना शुरू कर देंगे। दो हजार से कम का ईंधन लेने पर यूपीआइ भुगतान किया जा सकता है।
जिले में 374 पेट्रोल पंप हैं। शहरी क्षेत्र में 75 पंप हैं। 10 लाख लीटर पेट्रोल और 25 लाख लीटर डीजल की खपत हर दिन है। अभी तक यूपीआइ भुगतान में कोई भी शुल्क नहीं लगता है लेकिन 15 अक्टूबर से दो हजार रुपये से अधिक के ईंधन भरवाने पर पांच रुपये पंप संचालकों को शुल्क देना होगा। यह शुल्क ग्राहकों पर किसी भी तरीके से नहीं लगेगा।
पांच रुपये के एमडीआर का पंप संचालक विरोध कर रहे हैं। संचालक केपी सिंह ने बताया कि व्यवस्था में बदलाव किसी भी रूप में सही नहीं है। पंप संचालकों का कमीशन पहले से ही कम है। अब पांच रुपये का अतिरिक्त भुगतान आसान नहीं होगा। अधिकांश ट्रक चालक दो हजार रुपये से अधिक का डीजल भरवाते हैं।
ऐसे में हर दिन हजारों रुपये का भुगतान करना होगा। संचालक जेएस गुप्ता ने बताया कि हर बड़े यूपीआई लेनदेन पर शुल्क का भार उनके कारोबार पर पड़ेगा। केंद्र सरकार को इस दिशा में सोचना चाहिए।
अभी लोग पेट्रोल पंप पर बिना नकदी रखे मोबाइल से आसानी से भुगतान कर देते हैं। नई व्यवस्था लागू होने पर दो हजार से अधिक का पेट्रोल-डीजल भरवाने वाले ग्राहकों को नकदी साथ रखनी पड़ सकती है।
गुरुद्वारा गुरु के ताल के पास स्थित कारगिल शहीद पेट्रोल पंप संचालक सुशील यादव का कहना है कि बीते दिनों में यूपीआई ट्रांजेक्शन बहुत ज्यादा बढ़ गया था। ज्यादातर लोग यूपीआई से ही पेमेंट कर रहे थे। कार का टैंक फुल कराने में एक बार में 3000 रुपये से ज्यादा का बिल बनता है। अब ये कैश आधारित ही होगा।
फैक्ट फाइल
- 374 पेट्रोल-डीजल पंप जिले में हैं
- 206 पेट्रोल पंप इंडियन आयल कारपोरेशन के हैं
- 66 पेट्रोल पंप भारत पेट्रोलियम के हैं
- 85 पंट्रोल पंप हिंदुस्तान पेट्रोलियम के हैं
- 17 पंट्रोल पंप नायरा के हैं
- 25 लाख लीटर डीजल की खपत हर दिन है
- 10 लाख लीटर पेट्रोल की खपत हर दिन है
