UGC रोलबैक ट्रैक्टर मार्च पर आगरा में अलर्ट, किसान नेता हाउस अरेस्ट; एत्मादपुर में झड़प
यूजीसी एक्ट रोलबैक की मांग को लेकर आगरा में प्रस्तावित ट्रैक्टर मार्च और जिला मुख्यालय घेराव के मद्देनजर प्रशासन ने ...और पढ़ें

आगरा की सीमा पर किसानों को रोकने के लिए तैनात पुलिस बल।
जागरण संवाददाता, आगरा। नए यूजीसी एक्ट (UGC) रोलबैक की मांग को लेकर शुक्रवार को प्रस्तावित ट्रैक्टर मार्च और जिला मुख्यालय घेराव के ऐलान के बाद प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सुबह से ही कलेक्ट्रेट और शहर के सभी एंट्री पॉइंट्स पर भारी पुलिस फोर्स और पीएसी तैनात कर दी गई।
एत्मादपुर, कुबेरपुर, रामबाग समेत प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर कई किसान नेताओं को घरों में ही हाउस अरेस्ट कर दिया है। आयोजकों ने पांच हजार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और 50 हजार लोगों के जुटने का दावा किया था, जिसके चलते जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
एत्मादपुर में पुलिस से झड़प, एसीपी ने संभाला मोर्चा
इधर एत्मादपुर में माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब यूजीसी के विरोध में सिस्टम सुधार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अंशुमन ठाकुर के नेतृत्व में सवर्ण समाज और किसान संगठन के लोग गांव सवाई से ट्रैक्टर मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट घेराव के लिए जा रहे थे। पुलिस ने रैली को रोकने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हो गई।
काफी देर तक हंगामा चलता रहा। मौके पर पहुंचे एसीपी ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। समझाने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और रैली को वहीं रोक दिया गया। पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति किसी भी रैली को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
