अप्रवासी युवती से निकाह कर 30 लाख हड़पे
आगरा: अप्रवासी युवती को एक राजनीतिक दल के पदाधिकारी ने अपने जाल में फांस लिया।
आगरा: अप्रवासी युवती को एक राजनीतिक दल के पदाधिकारी ने अपने जाल में फांस लिया। जीवित बीवी को मृत बता युवती से निकाह करने के बाद उसके 30 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़िता ने मंगलवार एसएसपी कार्यालय पहुंच इंसाफ की गुहार लगाई।
हैदराबाद निवासी युवती एमबीए करने के बाद खाड़ी के एक देश में एचआर विभाग में अधिकारी है। युवती के मुताबिक तीन साल पहले केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के एक अधिकारी के माध्यम से रकाबगंज निवासी युवक से मुलाकात हुई। वह एक क्षेत्रीय राजनीतिक दल में पदाधिकारी है। युवक ने बताया कि उसकी बीवी की मौत हो चुकी है। उसकी बातों में आकर निकाह कर लिया। बाद में पता चला कि शौहर ने झूठ बोला था, पहली बीवी जीवित है।
धोखा देने का विरोध करने पर उसका उत्पीड़न किया जाने लगा। ससुर ने उससे दुष्कर्म किया। शौहर दोस्तों से भी संबंध बनाने का दबाव डालता। उसकी जमा पूंजी 25 लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवरात हड़प लिए। पति कुछ महीने पहले उसे लेकर आया। होटल में अपने साथ रखने के दौरान पौने दो लाख रुपये गायब कर दिए। अप्रवासी युवती मंगलवार को एसएसपी कार्यालय शिकायत करने पहुंची। ससुराल में युवक की संदिग्ध हालात में मौत : सदर के मधु नगर में ससुराल आए युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
धौलपुर के थाना दिहौली निवासी सतीश (35) मुंबई में मार्बल का काम करता था। चार सितंबर को पत्नी सत्तो के पास आया था। सतीश के परिजनों के अनुसार सोमवार शाम को ससुराल से उनकी हालत बिगड़ने का फोन आया। पहुंचने पर उनकी मौत हो चुकी थी। सतीश का पत्नी से विवाद चल रहा था। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दे दी। सतीश के ससुराल वालों ने पुलिस को बताया कि सोमवार को सतीश का मित्र उससे मिलने आया था। उसके जाने के बाद अचानक हालत बिगड़ी और मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।