'आतंकवाद को पूरी तरह खत्म करना है', जगदीप धनखड़ ने कहा- जो भी हाथ डालेगा, उसे नष्ट कर देंगे
आगरा में अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि भारत अब हमलों का करारा जवाब देगा। सीएम योगी ने अहिल्याबाई के कार्यों को याद किया और कहा कि उनसे प्रेरणा लेकर पाकिस्तान को सबक सिखाया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अहिल्याबाई के नाम पर कई कार्य कर रही है जिनमें औरेया मेडिकल कॉलेज का नाम बदलना भी शामिल है।

जागरण संवाददाता, आगरा। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती समारोह में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा भारत बदल रहा है। अब जो हम पर हाथ डालेगा उसको पूरी तरह नष्ट कर दिया जाएगा। आतंकवाद को पूरी तरह से खत्म करना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने आपरेशन सिंदूर से यह कर दिखाया। उन्होंने कहा हम भारतीय है, भारतीयता हमारी पहचान है। राष्ट्रवाद धर्म है, राष्ट्र सर्वोपरि है, राष्ट्र के लिए जो भी करना है वह कम है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, हमें अहिल्याबाई ने अपने राज्य की रक्षा करना सिखाया था।
आपरेशन सिंदूर से हमने पाकिस्तान को सबक सिखाया है। रविवार को जीआइसी मैदान पर आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि उप राष्ट्रपति ने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में दुश्मन ने कायरता दिखाई तो ब्रह्मोस ने ऐसा सबक सिखाया जो हमेशा याद रहेगा। खुद को किसान परिवार का बताते हुए उन्होंने योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की जमकर प्रशंसा की।
कहा, यूपी की छवि बदल रही है, सुशासन और कानून का राज है, इसलिए विकास हो रहा है। कहा, अहिल्याबाई धनगर थीं, मैं धनखड़ हूं। अहिल्याबाई होल्कर ने काशी विश्वनाथ सहित ज्योर्तिलिंग का जीर्णोद्धार कराया, इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी, अयोध्या, मथुरा के मंदिरों के लिए काम किया। महाकुंभ से पूरी दुनिया में भारतीय संस्कृति का संदेश पहुंचाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अहिल्याबाई ने हमें राज्य की रक्षा करना सिखाया था।
उन्हीं से प्रेरित होकर हमने पाकिस्तान को सबक सिखाया है। उन्होंने कहा कि पहले लोग गुंडों को संरक्षण देते थे। अहिल्याबाई के नाम पर बने कालेज का नाम बदल देते थे। अब समय बदल गया है। अहिल्याबाई ने शिल्पियों, महिलाओं, किसानों और भारत की विरासत को बचाने के लिए जो काम किया वो अविस्मरणीय है। उन्होंने इसके लिए राजकोष के बजाय अपने पैसे से मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया था।
अहिल्याबाई होल्कर के कार्यों और प्रदेश सरकार द्वारा उनके नाम पर किए जा रहे कार्यों को गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि औरेया मेडिकल कालेज का नाम बदलकर अहिल्याबाई होल्कर किया गया है। 250 वर्ष पहले अहिल्याबाई होल्कर ने मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए जो काम किया उससे प्रेरणा लेकर काशी, अयोध्या में काम किया जा रहा है।
उनके नाम पर आगरा में भी जल्द ही बड़ा काम होगा। समारोह को हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, महाराष्ट्र विधानसभा के सभापति रामशंकर राव शिंदे ने भी संबोधित किया। अतिथियों का स्वागत समारोह समन्वयक केंद्रीय पंचायती राज्य मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल ने किया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।