गर्मी में जिंदगी पसीना-पसीना
आगरा: ताजनगरी में पड़ रही भीषण गर्मी में जिंदगी पसीना-पसीना हो उठी है।
जागरण संवाददाता, आगरा: ताजनगरी में पड़ रही भीषण गर्मी में जिंदगी पसीना-पसीना हो उठी है। लगातार दूसरे दिन रविवार को ताजनगरी में पारा 46 डिग्री से. के करीब पहुंच गया। सुबह से रात तक गर्मी से राहत नहीं मिली। लोग पसीना बहाते रहे। वहीं, गर्म हवाओं के थपेड़े दिनभर चुभते रहे। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा।
ताजनगरी में एक सप्ताह से भीषण गर्मी पड़ रही है। लोग परेशान हैं उन्हें न दिन में चैन मिल रहा है और न ही रात में आराम। गर्मी ने लोगों की दिनचर्या बदलकर रख दी है। आग बरसाते सूरज से बचने को वह दोपहर में घर से बाहर निकलने में बच रहे हैं। रविवार को भी सुबह से ही गर्मी ने सितम ढाना शुरू कर दिया। नौ बजे के बाद तो तेज धूप परेशान करने लगी। दिन चढ़ने के साथ अधिकतम तापमान में वृद्धि होती गई। गर्म हवा ने लोगों को परेशान कर दिया। शाम ढलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री से. दर्ज किया गया, जो शनिवार के 46.1 डिग्री से. थोड़ा ही कम था। यह सामान्य तापमान से तीन डिग्री से. अधिक दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री से. दर्ज किया गया जो शनिवार के 26.6 डिग्री से. से कम था। यह सामान्य तापमान से करीब एक डिग्री से. कम रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को दिनभर तेज धूप निकलेगी। गर्म हवा चलेगी। प्रदेश के गर्म शहरों में आगरा रविवार को चौथे स्थान पर रहा। सबसे अधिक गर्म झांसी रहा, वहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री से. दर्ज किया गया।
यह शहर रहे गर्म
क्रम, शहर, अधिकतम तापमान (डिग्री से. में)
1, झांसी, 46.6
2, बांदा, 46.2
3, इलाहाबाद, 46
4, आगरा, 45.8
5, कानपुर, 44.8
6, चुर्क, 44.6
इतना रह सकता है तापमान
दिन, अधिकतम तापमान (डिग्री से. में)
सोमवार, 44
मंगलवार, 44
बुधवार, 43
गुरुवार, 43
शुक्रवार, 42
शनिवार, 41