राहत व मुआवजा के नाम पर सरकार का दिखावा
जागरण संवाददाता, आगरा: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने सोमवार को एसएन मेडिकल कॉलेज में तूफान में
जागरण संवाददाता, आगरा: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने सोमवार को एसएन मेडिकल कॉलेज में तूफान में घायल हुए लोगों का हालचाल जाना। प्रदेश अध्यक्ष खेरागढ़ व फतेहाबाद भी गए और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने तूफान पीड़ितों को दी गई मुआवजा राशि पर सवाल उठाए हैं।
राजबब्बर सोमवार सुबह करीब 10:15 बजे एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। यहां करीब 40 मिनट रुककर उन्होंने दो मई को आए तूफान में घायल हुए करीब दर्जनभर लोगों का हाल जाना। इसके बाद मीडिया से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़ों व सर्वे से किसी की मदद नहीं हो सकती। इसे मानवीय आधार पर देखना होगा। सरकार यह देखे कि जो बच्चे अनाथ हुए हैं, उनकी देखभाल कौन करेगा। सरकार का यही काम नहीं है कि एसडीएम को भेजा और फिर डीएम को भेज दिया। एक मंत्री आए और फिर दूसरे आ गए। यहां तो यह हो रहा है पीड़ित को पहले एसडीएम ने चेक दिया। उसी चेक को वापस लेकर उपमुख्यमंत्री से दिलवाया गया। मुख्यमंत्री आए तो पीड़ित से वही चेक लेकर उसे मुख्यमंत्री के हाथों दिलवा दिया। इससे ऐसा लगा कि न जाने पीड़ित को कितना मुआवजा मिल गया, मगर मिले हैं सिर्फ 5200 रुपये। राहत व मुआवजा वितरण के नाम पर दिखावा किया जा रहा है। एक पीड़ित महिला कह रही थी कि वह कहां रहेगी, उसके मकान की तो छत भी टूट गई। उन्होंने सामाजिक संगठनों व पार्टी नेताओं से तूफान पीड़ितों की सहायता की अपील की। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा, शहर अध्यक्ष अबरार हुसैन, कार्यवाहक शहर अध्यक्ष जमीलुद्दीन कुरैशी उनके साथ रहे।
चुनाव के बाद कब्र में सो जाएंगे जिन्ना
अलीगढ़ मुस्लिम विवि में जिन्ना की तस्वीर पर मचे बवाल पर उन्होंने कहा कि उन्होंने आगरा आते समय एक मैसेज पढ़ा था। उसमें लिखा था कि आजकल जिन्ना ¨हदुस्तान में हैं। चुनाव के बाद वापस पाकिस्तान चले जाएंगे और अपनी कब्र में सो जाएंगे। यह भाजपा की रणनीति है।
भाजपा को हराने वाले को समर्थन
कैराना में उपचुनाव पर उन्होंने कहा कि हम ऐसे प्रत्याशी के साथ होंगे जो भाजपा को हराने वाला है। चाहे वह हमारा हो या फिर सपा-बसपा का। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज रात तक कर्नाटक से आ जाएंगे। कल तक फैसला सामने होगा।
राहत भी जाति, बिरादरी, धर्म के नाम पर दे रही सरकार
एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे राजबब्बर से 14 अप्रैल को कबूलपुर में हुए हादसे में मारे गए चार लोगों और घायलों के परिजनों ने मुलाकात की। उन्हें अब तक मुआवजा नहीं मिला है। राजबब्बर ने कहा कि सरकार राहत भी जाति, बिरादरी और धर्म के नाम पर दे रही है। कबूलपुर में अनुसूचित जाति के चार लोगों की मौत हो गई। बार-बार कहने के बावजूद कोई राहत या मुआवजा नहीं दिया गया। सरकार केवल मैं, मेरा और मेरावाला के लिए काम कर रही है। भाजपा नेताओं के रात्रि प्रवास व भोज पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को बुलाइए। खाना हम खिला देंगे। यहां आकर देख तो लें कि जरूरतमंदों तक कितनी मदद पहुंची है। 15 मई को फिर आएंगे राजबब्बर
राजबब्बर एसएन मेडिकल कॉलेज के बाद खेरागढ़ गए। यहां उन्होंने कुकावर, नगला विरजा, बघासोनिया, बुरहरा में तूफान से प्रभावित हुए परिवारों का हाल जाना। कुकावर में मकान गिरने से राजवीर और उसके भाई के चार बच्चों की मौत हो गई थी। यहां मकान गिरने पर मुआवजा राशि के 5200 रुपये के चेक की बैंक में जमा की रसीद दिखाई। इस पर राजबब्बर ने सवाल उठाए। उन्होंने फतेहाबाद के नया बांस और हिन्नेर का भी दौरा किया। राजबब्बर 15 मई को दोबारा आएंगे और प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे।