कांग्रेस ने मनाया विश्वासघात दिवस
आगरा: आगरा: केंद्र सरकार के चार साल पूरे होने के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को विश्वासघात दिवस मनाया।
जागरण संवाददाता, आगरा: केंद्र सरकार के चार साल पूरे होने के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को विश्वासघात दिवस मनाया। कलक्ट्रेट के बाहर धरना दिया। वहीं, वाटर वर्क्स चौराहे पर भी प्रदर्शन किया।
कलक्ट्रेट के बाहर जिला व शहर कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से धरना दिया। जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 के चुनाव से पहले जनता से जो वादे किए गए थे, चुनाव के बाद वह सभी वादे प्रधानमंत्री मोदी ने भुला दिए। जनता के साथ विश्वासघात किया गया। भाजपा ने देश की जनता के साथ भगवान राम को भी नहीं बख्शा। कार्यवाहक शहर अध्यक्ष हाजी जमीलुद्दीन कुरैशी ने कहा कि भाजपा ने सत्ता को जम्मू व कश्मीर और नागालैंड में धुर विरोधी पार्टियों से हाथ मिलाने में भी गुरेज नहीं किया। पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि से सभी परेशान हैं, लेकिन सरकार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा। मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल है। धरने में अशोक पांडे, सरोज चौहान, अश्वनी जैन, यशपाल राना, प्रताप सिंह बघेल, अमित सिंह, मुन्नालाल वर्मा, हारुन रशीद कुरैशी, अदनान कुरैशी मौजूद रहे।
वहीं, शहर कांग्रेस अध्यक्ष हाजी अबरार हुसैन के नेतृत्व में वाटर वर्क्स चौराहे पर विश्वासघात दिवस मनाया गया। हाजी अबरार ने कहा कि लोकसभा चुनाव में झूठे वादों के प्रभाव में जनता ने वोट कर भाजपा की सरकार बनवाई थी। कोई वादा पूरा नहीं होने से जनता स्वयं को ठगा महसूस कर रही है। समीर चतुर्वेदी, राजू लवानिया, चौ. बच्चू सिंह, परवाज अंजुम शाह, बसंत लाल, कपूरचंद रावत, गीता सिंह आदि मौजूद रहे।
भाजपा ने किया विश्वासघात
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने सभा में कहा कि भाजपा ने समाज के हर वर्ग के साथ विश्वासघात किया है। महंगाई आसमान छू रही है, पेट्रोल-डीजल के दामों में एक तरह से आग लगी हुई है। सभा में रामेश्वर रावत, सत्यप्रकाश प्रधान, रोहन रघुवंशी, देवेंद्र शर्मा, सुरेश रावत आदि मौजूद रहे। कांग्रेस नेता सुमित गुप्ता विभव ने भाजपा पर जनता से किए वादे तोड़ने की बात कही है। जनता इससे ऊब गई है और सच्चाई समझ गई है। अगले चुनाव में वह भाजपा को सबक सिखाएगी।