Agra News: आगरा में हादसा, देवी प्रतिमा विसर्जन को गए दो दोस्त यमुना में डूबे, अंधेरा होने पर तलाश रुकी
Agra News आगरा के दयालबाग में नगला बूढ़ी की घटना। घाट पर माैजूद युवक ने 112 नंबर पर दी सूचना। आनंदी भैंराें के पास पीपाें के पुल की तरफ गए थे विसर्जन करने। यमुना में जलस्तर अधिक होने की वजह से डूबे। अंधेरा होने की वजह से तलाश रुकी।
आगरा, जागरण संवाददाता। थाना न्यूआगरा के बूढ़ी के नगला में बुधवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने गए दो मित्र यमुना में डूब गए। वहां मौजूद एक युवक द्वारा 112 नंबर पर सूचना देने पर पुलिस पह़ुंच गई। देर शाम तक युवकों का पता नहीं चल सका था। पुलिस का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह विसर्जन के लिए चिन्हित नहीं थी। वहीं एक युवक के राजस्थान की सीमा पर बह रही पार्वती नदी में डूबने की खबर है, हालांकि अभी युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
आनंदी भैंरो की घटना
घटना बुधवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे की है। न्यू आगरा के नगला बूढ़ी निवासी 21 वर्षीय विमल अपने पड़ोसी रविंद्र (19 वर्ष) के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने गए थे। प्रभारी निरीक्षक न्यू आगरा विजय विक्रम सिंह ने बताया कि विमल अपने चचेरे भाई व रविंद्र के साथ आया था। तीनों पोइया घाट आनंदी भैरो घाट की बजाय जंगल के रास्ते होते हुए यमुना किनारे पहुंच गए। प्रतिमा विसर्जन के दौरान पानी का बहाव तेज होने के चलते विमल डूबने लगा। उसने बाहर निकलने के लिए रविंद्र का हाथ पकड़ा तो वह भी यमुना में गिर गया।
सुबह फिर हाेगी तलाश
नदी का बहाव तेज होने के चलते दोनों डूब गए। यह देख चचेरे भाई ने शोर मचाया, वहां मौजूद एक अन्य युवक ने 112 नंबर पर पुलिस को फाेन पर हादसे की सूचना दी। युवकों के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए, पुलिस और गोतोखाेरों की मदद से दोनो की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक उनका पता नहीं चल सका। नगला बूढ़ी में दोनाें युवकाें के घराें पर तमाम लोग जुटे हैं। सुबह फिर तलाश शुरू करायी जाएगी।