Agra News: अग्निवीर भर्ती रैली के लिए आगरा आए जालाैन के युवक की मौत, लगा बारिश में करंट
Agra News जालौन का रहने वाला है निशांत स्वजन बैठे हैं पुलिस चौकी पर। सेना अधिकारियाें का कहना परिसर के बाहर का मामला। शुक्रवार को चौथे दिन 5868 युवा हुए रैली में शामिल। शनिवार को इटावा और फिरोजाबाद के युवाओं को मिलेगा मौका।
आगरा, जागरण संवाददाता। अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होने आए युवक की करंट लगने से मौत हो गई। वह जालौन का रहने वाला है। युवक की मौत के बाद रैली को नहीं रोका गया है। वहीं शुक्रवार को जालौन और इटावा के युवाओं ने दौड़ लगाई। रैली के लिए 8727 युवाओं ने पंजीकरण कराया था जिसमें 5868 युवाओं ने भाग लिया। बड़ी संख्या में युवा रैली में फेल हुए। वहीं शनिवार को इटावा और फिरोजाबाद के युवाओं को रैली में मौका मिलेगा।
सेना भर्ती कार्यालय की ओर से आनंद इंजीनियरिंग कालेज में दस अक्टूबर तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। इसमें हर दिन पांच से छह हजार युवा शामिल हो रहे हैं। गुरुवार रात 12 बजे इटावा के भरथना, ताखा, जालौन के उरई, माधौगढ़ और कोंच के 5868 युवाओं को रैली में शामिल किया गया। इसमें जय प्रकाश नगर, जालौन निवासी निशांत यादव भी शामिल थे।
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि निशांत ने रैली में भाग लिया और फिर मैदान से बाहर आ गया। घर वापसी के लिए बस में बैठने के दौरान हाथ ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से छू गया। इससे करंट लग गया और उसकी मौत हो गई। निशांत के निधन की जानकारी स्वजन को दी गई। सिकंदरा थाना में स्वजन पहुंच गए हैं। अभी तक पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। यह पहला मौका है, जब रैली में शामिल होने आए किसी युवा की मौत हुई है।
हाईटेंशन लाइन से लगा करंट
जालौन के 22 वर्षीय निशांत यादव को भर्ती स्थल से कुछ दूरी पर स्थित मां वैष्णो होटल एवं रेस्टोरेंट के सामने बस पर चढ़ते समय हाईटेंशन लाइन से करंट लगा था। गुरुवार रात 3.50 बजे के करीब ये हादसा हुआ। साथी अभ्यर्थी उसे एसएन इमरजेंसी लेकर पहुंचे, वहां मृत घोषित कर दिया गया। निशांत यादव के साथ भर्ती देखने आए आयुष ने बताया कि निशांत यादव रात को 1:30 बजे भर्ती रैली में छोटे कद के चलते रिजेक्ट हो गए थे। इसके बाद वे मथुरा जाने के लिए वहां खड़ी बस की छत से अपने साथियों को बुलाने के लिए चढ़े थे। तभी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए।
बारिश में नहीं थमी रैली
लगातार हो रही बारिश के बीच भी भर्ती रैली जारी है। मैदान में पानी भरने के बावजूद युवा अपने दम−खम का प्रदर्शन कर रहे हैं।