दो कोठियों के बीच में झूल रहा पेड़, जानिए क्या है मंजर, क्यों दहशत में हैं लोग
कोठी पर टिका तूफान में गिरा विशाल पेड़। जयपुर हाउस में अहिंसा पार्क वाली कॉलोनी का मामला। ननि में शिकायत के तीसरे दिन भी नहीं गया हटाया।
आगरा, जागरण संवाददाता। शुक्रवार की रात को आए तेज तूफान में सैकड़ों पेड़ धराशायी हाे गए। उन्हें अभी तक नहीं हटाए जाने से आवागमन बाधित हो रहा है। आसपास रहने वाले लोग भी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं।तेज तूफान से जयपुर हाउस कॉलोनी में 100 साल पुराना बरगद का पेड़ भी धराशायी हो गया था। यह पेड़ सड़क के दूसरी ओर बनी दो मंजिला कोठी के छज्जे पर जाकर टिक गया। इससे वहां रहने वाला परिवार दहशत में हैं। कॉलोनी के लोगों को अनहोनी की आशंका सता रही है। उन्होंने नगर निगम समेत अन्य विभागों में इसकी जानकारी दे दी। मगर, कोई वहां झांकने तक नहीं पहुंचा। तीन दिन से पेड़, दो मंजिला कोठी पर टिका हुआ है। उसे नहीं हटाने से कॉलोनी के लोगों में आक्रोश है।
शुक्रवार की रात को बारिश के साथ तेज तूफान आया था। इसमें जयपुर हाउस कोठी नंबर 25 में रहने वाले संजय पुरुसनानी के घर की चहारदीवारी के पास लगा बरगद का 100 साल पुराना पेड़ भी धराशायी हो गया। उसके नीचे खड़ी कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गयी। वहीं धराशायी हुआ विशालकाय बरगद सड़क के दूसरी ओर बनी अतुल जैन की 37 नंबर कोठी की दूसरी मंजिल के छज्जे पर जाकर टिक गया। कोठी संख्या 25 में रहने वाले मालिक संजय पुरुसनानी और कोठी संख्या 37 के अतुल जैन व कॉलोनी के लोगों ने बताया कि उन्होंने रात में ही पुलिस पेड़ गिरने की जानकारी दे दी। इसके बाद शुक्रवार की सुबह नौ बजे पुलिस चौकी पर जाकर दोबारा जानकारी दी।इसके साथ ही क्षेत्रीय पार्षद,नगर निगम और वन विभाग को भी फोन करके पेड़ हटवाने की कहा।
कॉलोनी वालों के अनुसार दो दिन से किसी विभाग ने विशालकाय पेड़ को हटाने के लिए सुधि नहीं ली। दो मंजिला कोठी के छज्ज्जे पर पेड़ टिका होने के चलते कोठी में रहने वाले अतुल जैन और उनका परिवार भी परेशान हैं। डर है कि भारी पेड़ कहीं मकान को नुकसान न पहुंचा दे। दोनो कोठियों मे रहने वाले परिवारो का रास्ता भी बाधित हाे गया है। दोपहिया वाहन ही किसी तरह वहां से निकाल पा रहे हैं।
तो होता बड़ा हादसा
कॉलोनी के लोगों ने बताया कि पेड़ जिस समय कार पर गिरा, दस मिनट पहले ही उसके पास खड़ा युवक हटा था।वह अगर नहीं हटता तो पेड़ की चपेट में आ जाता।
...तो एक महीने में हटेगा कोठी पर टिका पेड़
संजय पुरुसनानी ने बताया लगातार फोन करने पर शनिवार की शाम को किसी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। उनका कहना था कि पेड़ को हटाने में करीब एक महीना लग जाएगा। वह बहुत प्रयास करेंगे तो 15 दिन में हट सकता है। अधिकारी का कहना था कि एक साल पहले शाहगंज के खेरिया इलाके में भी इसी तरह का बड़ा पेड़ गिर गया था। उसे 15 दिन में हटाया जा सका था।
क्रेन की मदद से पड़ेगा हटाना
कॉलोनी वालो का कहना था कि पेड़ को टुकड़ो में काटकर हटाया जा सकता है। मगर, इसमें क्रेन की मदद लेनी होगी। अन्यथा उसकी डाल काटने पर वह गिरा तो कई मकानो को क्षति पहुंचा सकता है।