आगरा MLC चुनाव, ज्यादा लंबा नहीं होगा रिजल्ट का इंतजार, 14 टेबल्स पर होगी वोटों की गिनती
आगरा खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह 8 बजे से गल्ला मंडी में शुरू होगी, जिसके ...और पढ़ें

मंडी समिति में मतगणना को लेकर तैयारियों का जायजा लेते डीएम मनीष बंसल।
HighLights
मतगणना मंगलवार सुबह 8 बजे से गल्ला मंडी में शुरू।
शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के नतीजे दोपहर तक।
जागरण संवाददाता, आगरा। आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे से शुरू होगी। फिरोजाबाद रोड स्थित गल्ला मंडी में इससे पूर्व सुबह सात बजे 12 जिलों के स्ट्रांग रूम को खोला जाएगा। शिक्षक में 12 और स्नातक चुनाव में 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। सबसे पहले सभी बैलेट पेपर की 100-100 की गड्डी बनेगी और मतों की गिनती शुरू होगी। दोपहर 12 बजे तक परिणाम आएगा।
एमएलसी चुनाव की दोनों सीट के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। खंड में 412 बूथों में 2.30 लाख मतदाता हैं। अगर शिक्षक चुनाव की बात की जाए तो 150 बूथों में 63 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसी तरह से स्नातक चुनाव में 262 बूथों में 51 प्रतिशत मतदान हुआ था। सोमवार को प्रेक्षक अभिषेक प्रकाश और हीरालाल, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, डीएम मनीष बंसल ने गल्ला मंडी का निरीक्षण किया।
डीएम ने बताया कि प्रत्येक टेबल की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। सीसीटीवी कैमरों भी लगाए गए हैं। मतगणना स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, शौचालय, अग्निशमन उपकरण, मेडिकल कैंप की व्यवस्था की गई है। निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह साथ रहे।
बिना अनुमति नहीं मिलेगा प्रवेश
गल्ला मंडी में पास सिस्टम लागू किया गया है। बिना अनुमति किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आइडी कार्ड पहनना होगा।
आगरा खंड में मतदान के यह हैं प्रमुख तीन जिले
शिक्षक खंड : कुल मतदान 63.84 प्रतिशत
- प्रथम स्थान, औरैया में 75.28 प्रतिशत
- द्वितीय स्थान, फर्रुखाबाद 73.93 प्रतिशत
- तृतीय स्थान, कन्नौज में 73.41 प्रतिशत
स्नातक खंड : कुल मतदान 51 प्रतिशत
- प्रथम स्थान, कन्नौज में 61.88 प्रतिशत
- द्वितीय स्थान, कासगंज में 61.25 प्रतिशत
- तृतीय स्थान, फर्रुखाबाद में 55.17 प्रतिशत
