आगरा में MLC के लिए मतदान शुरू, बूथों पर हुई धीमी गति से शुरुआत; मैदान में हैं ये उम्मीदवार
आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान शुक्रवार सुबह 8 बजे शुरू हो गया, जिसमें 12 जिलों ...और पढ़ें

आगरा में शुक्रवार सुबह अलग अलग मतदान केंद्रों पर वोट डालते मतदाता।
जागरण संवाददाता, आगरा। आगरा खंड शिक्षक और स्नातक क्षेत्र के 12 जिलों के 392 बूथों में मतदान शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान आरंभ हो गया। शाम चार बजे तक वोट डाले जा सकेंगे। मतदान की शुरुआत धीमी गति से हुई है। हालांकि मतदाताओं में उत्साह भी देखने को मिल रहा है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
इससे पहले गुरुवार को फिरोजाबाद रोड स्थित गल्ला मंडी से पोलिंग पार्टियां 75 बूथों में पहुंच गईं। मतदान के बाद गल्ला मंडी में सभी जिलों की मतपेटिकाएं स्ट्रांग रूम में रखी जाएंगी। स्ट्रांग रूम की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था होगी। 27 अक्टूबर की सुबह आठ बजे से मतगणना होगी। उधर, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप और डीएम ने गल्ला मंडी सहित बूथों का निरीक्षण कर तैयारी की जानकारी ली।
मंडलायुक्त ने बताया कि आगरा खंड शिक्षक में 50 हजार और स्नातक में 1.80 लाख मतदाता हैं। बूथ में जैसे ही कोई मतदाता प्रवेश करेगा। सबसे पहले मतदाता सूची में उसका नाम देखा जाएगा। अगर पर्ची नहीं बनी है तो इसे तैयार किया जाएगा। शिक्षक मतदाता के बाएं हाथ की मध्यमा और स्नातक मतदाता के बाएं हाथ की तर्जनी में बैंगनी रंग की अमिट स्याही लगेगी।
मतदाता वरीयता के आधार पर 1, 2, 3 अंक प्रत्याशियों को दे सकते हैं। शिक्षक में 12 और स्नातक में 13 प्रत्याशी मैदान में है। डीएम ने बताया कि मतदाताओं को सलाह दी गई है कि बैलेट पेपर में प्रत्याशी के नाम के आगे सही या फिर क्रास का चिन्ह न लगाएं।
डी-कोडिंग में लगा सबसे अधिक समय
फिरोजाबाद रोड स्थित गल्ला मंडी में सुबह नौ बजे से कर्मचारियों का पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह साढ़े 10 बजे पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू होनी थी लेकिन बड़ी संख्या में पीठासीन अधिकारी, मतदान कार्मिक प्रथम, द्वितीय और तृतीय देरी से पहुंचे। डी-कोडिंग में सर्वर की गति भी धीमी रही। इसके चलते दोपहर 12 बजे सबसे पहले शिव प्रसाद राष्ट्रीय इंटर कालेज अछनेरा कमरा नंबर दो की पोलिंग पार्टी रवाना हुई। इसके बाद अन्य पार्टियां रवाना हुईं।
फर्जी मतदाताओं पर रहेगी नजर
उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने बताया कि फर्जी मतदाताओं पर नजर रखी जाएगी। प्रत्येक बूथ की सुरक्षा और वीडियोग्राफी कराई जाएगी। जिन स्कूल-कालेजों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उन सभी में शुक्रवार को अवकाश रहेगा। मतदान के लिए मतदाताओं का अवकाश अनुमान्य किया गया है।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
15788 कुल जिले में मतदाता
8320 पुरुष मतदाता
7468 महिला मतदाता
27 बूथ जिले में हैं
12 जिले में कुल प्रत्याशी
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
24426 जिले में मतदाता हैं
14702 पुरुष मतदाता हैं
9724 महिला मतदाता हैं
48 जिले में कुल बूथ हैं
13 जिले में कुल प्रत्याशी
यह हैं शिक्षक खंड के प्रत्याशी
डा. आकाश अग्रवाल सपा वित्त विहीन वाले, हरि किशोर तिवारी भाजपा, आकाश अग्रवाल, चंद्र प्रकाश, डा. जगवीर सिंह, दिलीप कुमार, धीरज सिंह, ब्रह्मजीत सिंह, मोहम्मद वसीम, रणविजय यादव, राम प्रसाद, राहुल पराशर (सभी निर्दलीय प्रत्याशी)।
यह हैं स्नातक खंड के प्रत्याशी
डा. मानवेंद्र सिंह गुरुजी भाजपा, शशांक यादव सीटू सपा, दक्ष कुमार, मतेंद्र सिंह गहलौत, अनुराग सिंह, अंबरीश कुमार सिंह, अंबरीश पाल सिंह, मानवेंद्र प्रताप सिंह, रघुराज सिंह, राहुल गुप्ता, राहुल राज कुलश्रेष्ठ, रूप सिंह, रूमा कुमारी(सभी निर्दलीय प्रत्याशी)।
मतदान के लिए एक विकल्प
मतदाता फोटो पहचान पत्र होने पर मतदाता निर्धारित वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में से किसी एक के माध्यम से अपनी पहचान स्थापित कर सकता है।
इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, सरकारी अथवा सार्वजनिक उपक्रमों एवं अन्य संस्थानों द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र, सांसदों/विधायकों/पार्षदों को जारी सरकारी पहचान-पत्र, संबंधित शैक्षिक संस्थान द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र, विश्वविद्यालय द्वारा जारी डिग्री/डिप्लोमा का मूल प्रमाण-पत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता संबंधी मूल प्रमाण-पत्र तथा यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड।
यह है कंट्रोल रूम के नंबर : 9997012900, 7906300290, 0562-2260550
