आगरा MLC चुनाव: गल्ला मंडी से रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां, मतदान की सभी तैयारियां पूरी
आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव के लिए गुरुवार को गल्ला मंडी से पोलिंग पार्टियां रवाना ...और पढ़ें

गुरुवार सुबह मंडी समिति परिसर से मतदान सामग्री लेते पोलिंग एजेंट।
HighLights
शुक्रवार सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा।
27 अक्टूबर को गल्ला मंडी में मतगणना होगी।
जागरण संवाददाता, आगरा। उप्र विधान परिषद आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव के लिए गुरुवार सुबह से फिरोजाबाद रोड स्थित गल्ला मंडी से 75 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होना शुरू हो गई हैं। शुक्रवार सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद गल्ला मंडी में सभी जिलों की मत पेटिकाएं स्ट्रांग रूम में रखी जाएंगी। 27 अक्टूबर की सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी।
एमएलसी चुनाव के लिए 570 कर्मचारियों को लगाया गया है। बुधवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में कर्मचारियों का प्रशिक्षण हुआ। कर्मचारियों को मतदान कराने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर द्वारा मतपेटियों को खोलने की प्रक्रिया, मतगणना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां, मतपत्रों की संवीक्षा, नियमानुसार वैध व अवैध मत की जानकारी दी गई।
वहीं बुधवार को आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद सहित 12 जिलों में चुनाव प्रचार थम गया। शिक्षक सीट में 12 और स्नातक में 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने बताया कि गुरुवार को आगरा जिले की पोलिंग पार्टियां गल्ला मंडी से रवाना होंगी। बाकी जिलों की पोलिंग पार्टियां उसी जिले से रवाना होंगी। शुक्रवार सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
12 जिलों की मतपेटिकाएं गल्ला मंडी में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखी जाएंगी। यहीं पर 27 अक्टूबर की सुबह आठ बजे से मतगणना होगी। उन्होंने बताया कि आगरा खंड में शिक्षक में 50 हजार और स्नातक में 1.80 लाख मतदाता हैं। उधर, डीएम मनीष बंसल ने गल्ला मंडी का निरीक्षण किया। निर्वाचन सामग्री सहित अन्य की जानकारी ली।
14-14 टेबल में होगी मतगणना
एमएलसी चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को गल्ला मंडी में होगी। 25 अक्टूबर को सूरसदन प्रेक्षागृह में मतगणना कर्मचारियों का प्रशिक्षण होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने बताया कि सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। शिक्षक और स्नातक सीट में 14-14 टेबल लगाई जाएंगी। पांच टेबल रिजर्व रहेंगी।
यह है कंट्रोल रूम के नंबर : 9997012900, 7906300290, 0562-2260550
