आगरा MLC चुनाव में बूथ कैप्चरिंग पर सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित छह अधिकारी सस्पेंड, 21 पर होगी कार्रवाई
आगरा एमएलसी चुनाव में बूथ कैप्चरिंग की शिकायत पर निर्वाचन आयोग ने सख्त कार्रवाई की है। छह अधिकारियों को निलंबित ...और पढ़ें
-1793025741628_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
आगरा एमएलसी चुनाव में बूथ कैप्चरिंग पर छह अधिकारी निलंबित।
21 मतदान कर्मियों और पुलिसकर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश।
जागरण संवाददाता, आगरा। शिक्षक एमएलसी चुनाव में बूथ कैप्चरिंग पर निर्वाचन आयोग ने सख्त कार्रवाई की है। सोमवार को तीनों बूथों में पुनर्मतदान हुआ। मतदान खत्म होने के कुछ देर के बाद ही आयोग ने बड़ी कार्रवाई की। फतेहाबाद और सैंया ब्लाॅक के सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रशासन और पुलिस सहित छह अधिकारियों को निलंबित कर दिया।
दोनों बूथों के पीठासीन अधिकारियों, तीन मतदान कर्मचारियों और 16 सिपाहियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए हैं। आयोग ने इसकी रिपोर्ट भी मांगी है। 23 अक्टूबर को हुए मतदान में गड़बड़ी और बूथ कैप्चरिंग की शिकायत सपा प्रत्याशी डाॅ. आकाश अग्रवाल ने की थी। जिस पर रिटर्निंग अधिकारी और मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने आयोग में रिपोर्ट भेजी थी।
आगरा खंड में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 150 बूथ और 50 हजार मतदान हैं। 23 अक्टूबर की सुबह आठ से शाम चार बजे तक जिले में 24 बूथों पर मतदान हुआ। मतदान के दौरान फतेहाबाद ब्लाॅक के कक्ष संख्या एक के बूथ नंबर 26, सैंया ब्लाक के कक्ष संख्या एक के बूथ नंबर 21 में हंगामा हुआ था। दोनों बूथों में बैलेट पेपर सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए थे।
इसकी शिकायत सपा प्रत्याशी डाॅ. आकाश अग्रवाल ने रिटर्निंग अधिकारी से कमिश्नरी में की थी। चुनाव में निष्पक्षता और पारदर्शिता में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। बूथ कैप्चरिंग की शिकायत पर निर्वाचन आयोग ने रिटर्निंग अधिकारी नगेंद्र प्रताप से रिपोर्ट मांगी थी। जिस पर अब कार्रवाई की गई है।
रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि फतेहाबाद और सैंया ब्लाॅक के सेक्टर मजिस्ट्रेट, दो पुलिस सेक्टर मजिस्ट्रेट, दो उप निरीक्षक को निलंबित किया गया है। दो पीठासीन अधिकारियों, तीन मतदान कर्मचारियों और 16 पुलिस कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
खेरागढ़ तहसील के बूथ पर नहीं हुई कार्रवाई
निर्वाचन आयोग ने खेरागढ़ तहसील के कक्ष संख्या एक के बूथ नंबर 20 पर कोई भी कार्रवाई नहीं की है। सोमवार को इस बूथ में पुनर्मतदान हुआ।
यह अधिकारी हुए निलंबित
फतेहाबाद ब्लाक के कक्ष नंबर एक में बूथ संख्या 26
- सेक्टर मजिस्ट्रेट और प्रभागीय वनाधिकारी विशाल राठौर
- सेक्टर पुलिस अधिकारी और अपर निरीक्षक फतेहाबाद पुरुषोत्तम लाल
- एकता थाना के उप निरीक्षक सुमित त्यागी
सैंया ब्लाक के कक्ष नंबर एक में बूथ संख्या 21
- सेक्टर मजिस्ट्रेट और जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी ओपी चक
- सेक्टर पुलिस अधिकारी और क्राइम ब्रांच के निरीक्षक हरिशरण सिंह
- एत्माद्दौला थाना के उप निरीक्षक संदीप कुमार
इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई
बूथ संख्या 21 और 26 में तैनात मतदान कर्मचारियों और पुलिस कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इसमें दोनों बूथों के पीठासीन अधिकारी और तीन मतदान अधिकारी हैं। वहीं 16 पुलिस कर्मियों में पांच मुख्य आरक्षी और 11 सिपाही शामिल हैं। जल्द ही इन्हें आरोप पत्र जारी किया जाएगा। साथ ही इसकी रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी।
