आगरा मेट्रो का सफल परीक्षण, ISBT और माल रोड कॉरिडोर पर 80 किमी/घंटा की रफ्तार
आगरा मेट्रो ने बिजलीघर चौराहा से आइएसबीटी और माल रोड पर सफल परीक्षण किया, जिसमें मेट्रो 80 किमी प्रति घंटा ...और पढ़ें

आगरा मेट्रो।
जागरण संवाददाता, आगरा। उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम ने सोमवार को बिजलीघर चौराहा से आइएसबीटी और माल रोड पर मेट्रो का परीक्षण किया। मेट्रो को 10 से 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार दौड़ाया गया। वहीं नेशनल हाईवे-19 से गुरु का ताल से लेकर सिकंदरा तिराहा तक बैरिकेडिंग हटाई जा रही है।
मेट्रो के पहले कारिडोर में 13 स्टेशन शामिल हैं। इसमें छह स्टेशनों पर मेट्रो का संचालन हो रहा है। पांच स्टेशन बनकर तैयार हो गए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय से स्टेशनों के लोकार्पण की तिथि मिलना बाकी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्टेशनों का शुभारंभ किया जाएगा। संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्र ने बताया कि बिजलीघर चौराहा से आइएसबीटी के मध्य पांच स्टेशनों में तीन भूमिगत और एक एलीवेटेड स्टेशन है।
मेट्रो का परीक्षण किया जा रहा है। माल रोड पर भी मेट्रो के परीक्षण चल रहे हैं। गुरु का ताल और सिकंदरा तिराहा स्टेशन का निर्माण तेजी से चल रहा है। दोनों स्टेशन दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएंगे। स्टेशन बनने के साथ ही मेट्रो का परीक्षण शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि मेट्रो के दूसरे कारिडोर में 14 स्टेशन होंगे। यह कारिडोर एमजी रोड से होकर गुजर रहा है। यमुना नदी पर 200 करोड़ रुपये से पुल बन रहा है। पिलर बनाने का कार्य अंतिम चरण में है। यह कार्य दो से तीन माह में पूरा होगा। रावली पुल पर 60 मीटर लंबा स्टील गर्डर रखा जा रहा है।
