Murder in Lockdown: बाहर से लौटे लोगों की सूचना देने पर महिला की हत्या
मैनपुरी में रोजगार सेवक की भाभी की गोली मारकर हत्या। हमलावर फरार।
मैनपुरी, जेएनएन। मैनपुरी के थाना कुर्रा के गांव अल्लीपुर में दूसरी जगह से लौटे लोगों की सूची बनाने पर नाराज हमलावरों ने रोजगार सेवक की भाभी की गोली मारकर हत्या कर दी। हमालावरों द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
देश भर में लॉकडाउन होने के बाद बाहरी जगहों में रह रहे लोग अपने-अपने घरों को लौट रहे हैं। थाना कुर्रा के गांव अल्लीपुर के कई युवक बाहरी जिलों में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनका भी गांव में आना शुरू हो गया है। शासन के निर्देश पर प्रत्येक गांव में बाहरी जिलों से आने वालों की सूची तैयार की जा रही है। ताकि उन्हें निगरानी में रखा जा सके।
अल्लीपुर निवासी विनय कुमार गांव का रोजगार सेवक है। उसे गांव के आने वालों की सूची तैयार करने का काम सौंपा गया था। गांव निवासी उसका चचेरा भाई फाैजी शैलेंद्र कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर गांव आया था। रोजगार सेवक ने अपनी सूची में उसका नाम भी शामिल कर लिया था। इस बात की जानकारी शैलेंद्र को हुई तो वे अपने चचेरे भाइयों के साथ रोजगार सेवक के घर जा धमका। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। नाराज होकर शैलेंद्र पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली पास ही खड़ी रोजगार सेवक भी भाभी संध्या पत्नी दिनेश यादव को लगी। मौक पर ही उनकी मौत हो गई।
संध्या के जमीन पर गिरने के बाद भी हमलावर ताबड़तोड़ फायरिंग करते रहे। वहां मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। थाना कुर्रा पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना स्थल का निरीक्षण किया। हमलावराें के घर दबिश दी, लेकिन उनका पता नहीं चला। घटना से गांव में दहशत फैली हुई है। पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।