आगरा के फतेहाबाद में जमीन के विवाद में हिस्ट्रीशीटर की हत्या, खेत में मिला सुबह शव
आगरा के फतेहाबाद स्थित कच्छपुरा गांव में 32 वर्षीय प्रेमवीर की जमीन विवाद के चलते कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या ...और पढ़ें

फतेहाबाद में घटनास्थल और इनसेट में मृतक प्रेमवीर का फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, आगरा। फतेहाबाद के कच्छपुरा गांव में जमीन के लेनदेन को लेकर 32 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर प्रेमवीर सिंह की हत्या कर दी गई। बुधवार रात खेत पर सोने गए प्रेमवीर का गुरुवार सुबह खून से लथपथ शव चारपाई पर मिला। उसके सिर पर धारदार हथियार से प्रहार किए गए थे। मृतक के भाई की तहरीर पर हरेंद्र सिंह और गंभीर सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पांच लाख में बेची थी जमीन, वापस लेने को लेकर विवाद
मृतक के भाई के अनुसार, प्रेमवीर सिंह ने अपने मकान के पास स्थित अपने हिस्से की जमीन करीब चार-पांच माह पहले कच्छपुरा निवासी हरेंद्र सिंह को लगभग पांच लाख रुपये में बेची थी। बाद में परिवार के लोगों के कहने पर प्रेमवीर जमीन वापस लेना चाहता था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। स्वजन ने इसी विवाद को हत्या की वजह बताया है।
भतीजे को ट्यूबवेल पर छोड़ने गया था
मंगलवार रात प्रेमवीर अपने भतीजे हरवीर सिंह को बाइक से ट्यूबवेल पर सोने के लिए छोड़ने गया था। इसके बाद वह अपने खेत की ओर चला गया। गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे खेत को बटाई पर करने वाले लालाराम कुशवाहा वहां पहुंचे तो चारपाई पर प्रेमवीर का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। उन्होंने तत्काल परिवार को सूचना दी। हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
आसपास के खेतों में तलाशा हत्या का हथियार
सहायक पुलिस आयुक्त इमरान अहमद और इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसीपी इमरान अहमद के निर्देश पर पुलिस ने आसपास के खेतों में हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी अथवा डंडे की तलाश कराई। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
थाना फतेहाबाद का हिस्ट्रीशीटर था प्रेमवीर
इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र के मुताबिक, प्रेमवीर थाना फतेहाबाद का हिस्ट्रीशीटर था। मृतक के भाई धर्मवीर की तहरीर पर हरेंद्र सिंह और गंभीर सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जमीन के विवाद समेत हत्या के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। नामजद आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
