चलती बस में शिक्षिका से छेड़छाड़, दुष्कर्म का प्रयास; जांच में जुटी आगरा पुलिस
आगरा में जयपुर जा रही एक शिक्षिका ने चलती बस में छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, आगरा। जयपुर जा रही शिक्षिका के साथ चलती बस में छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। सवा महीने बाद रविवार की शाम को रकाबगंज थाने पहुंची शिक्षिका ने तीन अज्ञात यात्रियों पर यात्रा के दौरान लगातार घूरने और जानबूझकर उस पर गिरने का आरोप लगाया।
शिक्षिका का आरोप है कि उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। सनसनीखेज आरोपों के बाद हरकत में आई पुलिस ने शिक्षिका के पति से संपर्क किया। पति का कहना था कि उसका तलाक का मामला चल रहा है। साथ ही पत्नी का मनोचिकित्सक से उपचार चल रहा है। रकाबगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जयपुर की रहने वाली एक शिक्षिका रविवार शाम को ईदगाह चौकी पहुंची। पुलिस को बताया कि 12 अगस्त को वह लखनऊ से आगरा आयी थी। आइएसबीटी पर बस से उतरने के बाद उसने वहां से ईदगाह बस अड्डे जाने के लिए ऑटो किया। ईदगाह बस अड्डे के पास एक ट्रेवल एजेंसी की बस में वह जयपुर के लिए बैठ गयी।
बस में दो दर्जन यात्री सवार थे। चालक ने रास्ते में एक ढाबे पर दस मिनट के लिए बस रोकी। जिसके बाद तीन युवक उसकी सीट के पास आकर बैठ गए। तीनों युवक लगातार उसकी ओर घूर रहे थे। इसी दौरान एक युवक जानबूझकर टकराने के बाद उस पर गिर गया।
उसने युवक का विरोध किया तो वह हंसने लगा, किसी को काॅल लगाकर बातें करने लगा। शिक्षिका का आरोप है कि युवकों ने उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। उसके शोर मचाने के बावजूद बस में बैठे अन्य यात्री मदद को सामने नहीं आए।
IGRS पर की शिकायत
एसीपी सदर अमीषा ने बताया कि महिला ने 26 अगस्त को आइजीआरएस पर शिकायत की थी। जिस पर रकाबगंज थाना पुलिस ने उससे संपर्क किया था। महिला सोमवार को ईदगाह चौकी पहुंची थी। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए महिला से जानकारी की गई। उसे ट्रैवल एजेंसी या बस नंबर के बारे में नहीं पता था।
वह मूलरूप से गाजियाबाद की रहने वाली है। पुलिस द्वारा पति से संपर्क करने पर उसने बताया कि वह दोनों बच्चों के साथ गाजियाबाद में रहता है। पत्नी तीन वर्ष से उससे अलग जयपुर में रह रही है। उनके बीच तलाक का मामला चल रहा है। पत्नी का मनोचिकित्सक से उपचार चल रहा है।
एसीपी ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है, ट्रैवल्स एजेंसी की बस के बारे में पता लगाने के लिए ईदगाह बस अड्डे के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग चेक की जा रही है।
