विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में ग्राइंडर से काटा ताला, किरावली में 25 लाख के जेवर ले उड़े चोर

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 15 Sep 2026 01:31 PM (IST)

आगरा के किरावली स्थित गोपऊ गांव में चोरों ने छत के रास्ते घर में घुसकर ग्राइंडर से ताला काटा और ...और पढ़ें

गोपऊ में चोरी की वारदात के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान।

गोपऊ में चोरी की वारदात के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान।

संवाद सूत्र, किरावली (आगरा)। थाना क्षेत्र के गांव गोपऊ में सोमवार देर रात चोरों ने दुस्साहसिक तरीके से एक घर को निशाना बना लिया। छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने ग्राइंडर से कमरे का ताला काटकर बक्सों और सूटकेसों को खंगाल दिया।

चोर करीब 15 तोले सोने और 1.5 किलो चांदी के आभूषण, नकदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 22 से 25 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है।

गोपऊ निवासी बहादुर पुत्र राजपाल के मुताबिक, मध्य रात्रि करीब 12:30 बजे चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। इसके बाद ग्राइंडर से कमरे का ताला काट दिया। कमरे में रखे बक्सों और सूटकेसों को खंगालने के बाद उनमें रखा सामान बाहर फेंक दिया

चोर करीब 15 तोले सोने के आभूषण, जिसमें 10 अंगूठियां, दो चेन, झुमकी, कुंडल समेत अन्य जेवर तथा करीब 1.5 किलो चांदी के आभूषण एवं 52 हजार रुपए नकद ले गए। घटना के समय घर में बहादुर, उनकी पत्नी और पुत्रवधू मौजूद थीं।

उनके दोनों बेटे नौकरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। सुबह परिजनों को चोरी की जानकारी हुई तो गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।

 

ग्राइंडर चलने की तक भनक नहीं लगी

चोरों ने जिस कमरे का ताला काटने के लिए ग्राइंडर का इस्तेमाल किया, उससे घटना में उनके दुस्साहस का अंदाजा लगाया जा सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, इसके बावजूद रात्रि गश्त को लेकर प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।

ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि नियमित और प्रभावी गश्त होती तो चोरों पर अंकुश लग सकता था। उन्होंने चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

थानाध्यक्ष मदन कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।