आगरा में खेरिया मोड़-ईदगाह 90 दिन के लिए हो रहा बंद, हजारों लोग रोजाना होंगे परेशान
आगरा का खेरिया मोड़-ईदगाह रेल ओवरब्रिज 50 साल पूरे होने और जर्जर हालत के कारण 90 दिनों के लिए बंद ...और पढ़ें

खेरिया मोड़ ईदगाह रेलवे ओवर ब्रिज।
जागरण संवाददाता, आगरा। खेरिया मोड़ ईदगाह रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) शुक्रवार सुबह से 90 दिन के लिए बंद हो जाएगा। पुल की 50 वर्ष की आयु पूरी हो चुकी है। पुल की जर्जर स्थिति को देखते उसका नवनिर्माण किया जा रहा है। इस दौरान वैकल्पिक मार्ग अर्जुन नगर तिराहे से बारह खंभा डबल फाटक मार्ग स्थित रेलवे फाटक होकर वाहनों को निकाला जाएगा।
खेरिया मोड़ ईदगाह आरओबी का निर्माण वर्ष 1970 में किया गया था। पुल में लगे दो स्पान की निर्धारित कोडल आयु 50 वर्ष पूरी हो चुकी है। इसकी जर्जर अवस्था को देखते हुए नवनिर्माण एवं आवश्यक अनुरक्षण कार्य किया जाना जरूरी है। पुल की संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में संभावित दुर्घटना की आशंका को रोकने के लिए उसका नवनिर्माण किया जा रहा है।
रेल प्रशासन के अनुसार पुल का नवनिर्माण पूरा होने से पुल की स्थिति में सुधार होगा। लंबे समय तक सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। निर्माण पूरा होने तक 90 दिन के लिए पुल बंद रहेगा। रेल प्रशासन आमजन से निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की है।
एयरपोर्ट आने-जाने में आएगी दिक्कत
खेरिया एयरपोर्ट तक आने-जाने में यही रास्ता सबसे सुलभ है। अब वैकल्पिक मार्ग से आने जाने में लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ेगा। बारहखंभा शाहगंज वाले रास्ते में बाजार और घनी आबादी है। यहां दिन में कई बार ट्रैफिक जाम की स्थिति रहती है। जिन्हें हवाई यात्रा करने के लिए एयरपोर्ट पहुंचना है, बेहतर है कि वह समय से घर से निकलें।
