आगरा में तेंदुए की हलचल, वन विभाग और वाइल्ड लाइफ ने संभाला मोर्चा; अरावली की पहाड़ियों पर सर्च ऑपरेशन
आगरा के रिछोहा गांव में तेंदुए की दहशत के बाद वन विभाग और वाइल्ड लाइफ टीम ने अरावली की पहाड़ियों ...और पढ़ें

HighLights
अरावली की पहाड़ियों में पिंजरे और कैमरे लगाए गए।
ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह, एंबुलेंस तैनात।
संवाद सूत्र, जगनेर (आगरा)। अरावली पर्वत श्रृंखला से सटे रिछोहा गांव में तेंदुए की दहशत के बीच वन विभाग और वाइल्ड लाइफ की टीम ने व्यापक स्तर पर निगरानी अभियान शुरू कर दिया है।
बुधवार को अधिकारियों ने अरावली की पहाड़ियों की तलहटी में विशेष रणनीति के तहत पिंजरा लगाकर उसे हाई-रिजाल्यूशन कैमरों से लैस किया, ताकि तेंदुए या अन्य संभावित जंगली जानवर की गतिविधियों को कैद किया जा सके।
वन विभाग की टीम ने वाइल्ड लाइफ एसओएस के साथ मिलकर इलाके में कई बार काबिंग आपरेशन चलाया, हालांकि देर शाम तक तेंदुए का कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका।
अधिकारियों का कहना है कि कैमरों में कैद होने वाले फुटेज के आधार पर यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है कि क्षेत्र में वास्तव में तेंदुआ ही सक्रिय है या कोई अन्य जंगली जानवर।
ग्रामीणों के अनुसार रिछोहा और आसपास के करीब 50 किलोमीटर के क्षेत्र में तेंदुओं का कुनबा सक्रिय हो रहा है। उनका दावा है कि इलाके में आधा दर्जन तेंदुए होने की आशंका है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
हालात यह हैं कि लोग खेतों पर जाने से भी डर रहे हैं और समूह में ही बाहर निकल रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए गांव में जगह-जगह चेतावनी पोस्टर चस्पा किए हैं और अकेले बाहर न जाने की सलाह दी है। गांव में एहतियातन एंबुलेंस भी तैनात की गई है।
उधर, हाल ही में हमले में घायल किशोरी समेत दोनों महिलाओं की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। डिप्टी रेंजर राजवीर सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम गांव में मौजूद है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को भी जागरूक किया गया है।
