विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा: काली नागिन के डसने से बच्ची की मौत, चचेरा भाई अस्पताल में भर्ती

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 17 Sep 2026 04:05 PM (IST)

अकोला के मुरकिया गांव में चारपाई पर सो रहे चचेरे भाई-बहन को जहरीले सांप ने डस लिया। इस घटना में ...और पढ़ें

गांव मुरकिया में सांप के डसने से मृतक कामिनी का इनसेट में फाइल फोटो। दूसरे फोटो में भाई पंकज।

गांव मुरकिया में सांप के डसने से मृतक कामिनी का इनसेट में फाइल फोटो। दूसरे फोटो में भाई पंकज।

संवाद सूत्र, अकोला (आगरा)। थाना कागारौल क्षेत्र के गांव मुरकिया में बुधवार रात चारपाई पर सो रहे चचेरे भाई बहन को विषैले सांप ने डस लिया। गुरुवार सुबह अस्पताल ले जाते समय बहन की मृत्यु हो गई। वहीं भाई का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

गांव मुरकिया निवासी 10 वर्षीय कामिनी पुत्री स्वर्गीय मुकेश कुमार और उसका चचेरा भाई पंकज पुत्र राकेश बुधवार रात चारपाई पर सो रहे थे। रात करीब ढाई बजे पंकज लघुशंका के लिए जागा। ठंड लगने पर पास रखी गेहूं की बोरी से कंबल निकालने लगा। इसी दौरान बोरी में छिपे सांप ने उसके बाएं पैर में डस लिया। शोर सुनकर स्वजन जाग गए

स्वजन पंकज को पास के गांव बीसलपुर में बायगीर के पास ले गए। करीब 15 मिनट तक आराम नहीं मिलने पर उसे शमसाबाद रोड स्थित निजी जीआर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं कामिनी की पीठ पर भी सांप ने पहले ही डस लिया था। और उसे इसकी जानकारी नहीं हुई।

सुबह कामिनी ने अपनी मां कल्लो को पेट में दर्द, उल्टी और शरीर में खुजली होने की शिकायत बताई। इस पर स्वजन को सांप के डसने की आशंका हुई। वे कामिनी को भी जीआर हॉस्पिटल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तरह तरह की चर्चा है।

बायगीरों ने पकड़ी नागिन

पंकज की मां नीलम ने बताया कि गुरुवार की सुबह बायगीरों को सांप पकड़ने के लिए बुलाया। दो बायगीरों ने करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद सांप को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने बताया कि पकड़ा गया सांप काली नागिन है।