जनकपुरी समिति विवाद टालने को दोबारा मांगे प्रस्ताव
आगरा: विजय नगर में प्रस्तावित जनकपुरी आयोजन समिति का विवाद खत्म कराने के लिए श्री रामलीला कमेटी ने एक बार फिर दोनों समितियों ने आवेदन मांगे हैं। जनकपुरी विवाद को सुलझाने के लिए यह उनका अंतिम प्रयास है।
जागरण संवाददाता, आगरा: विजय नगर में प्रस्तावित जनकपुरी आयोजन समिति का विवाद खत्म कराने के लिए श्रीराम लीला कमेटी ने आखिरी कोशिश की है। उन्होंने दावा कर रही दोनों कमेटियों से दोबारा प्रस्ताव मांगा है। यह प्रमुख 11 पदाधिकारियों के हस्ताक्षर युक्त होना चाहिए। साथ ही समस्या निस्तारण का लिखित सुझाव भी शुक्रवार शाम तक देना होगा। वहीं श्रीरामलीला कमेटी अध्यक्ष ने सात सदस्यीय कमेटी को विवाद की जांच सौंप दी है।
श्रीराम लीला कमेटी संयोजक अनुराग शुक्ला ने पत्र जारी कर कहा है कि विजय नगर कॉलोनी में जनकपुरी सजाने का सौभाग्य स्थानीय लोगों को मिला है। इसके आयोजन को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने अपने स्तर से समितियां गठित कर लीं। इसके कारण विरोधाभास पैदा हो रहा है। कई स्तर पर प्रयास के बाद भी समाधान न होने पर समिति ने आखिरी विकल्प निकाला है। शुक्रवार शाम पांच बजे तक दोनों अध्यक्षों को अपनी अपनी समिति के 11 प्रमुख पदाधिकारियों के हस्ताक्षर युक्त प्रस्ताव उक्त समस्या के निराकरण के साथ लिखित रूप से आगरा किला के सामने स्थित श्रीराम हनुमान मंदिर में या फिर श्रीराम लीला कमेटी कार्यालय प्रभारी योगेश कुमार को बंद लिफाफे में शाम पांच बजे तक भेज दें। कमेटी आपसी विमर्श के बाद उन्हें सूचित करेगी। यह सूचना आयोजन दोनों समितियों के अध्यक्ष समीर चतुर्वेदी और महेश शर्मा को भेज दी गई है। सात सदस्यीय कमेटी देगी रिपोर्ट
श्रीराम लीला कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि विजय नगर में प्रस्तावित जनकपुरी आयोजन को लेकर समितियों के बीच चल रहे विरोध के अंतिम निस्तारण के लिए आखिरी प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए एक सात सदस्यीय समिति बनाई गई है, जो पिछले घटनाक्रम, परिस्थितियों एवं सभी पक्षों से जानकारी जुटाकर रिपोर्ट श्रीराम लीला कमेटी को सौंपेगी। इस कमेटी में संयोजक पूर्व विधायक डॉ. अनुराग शुक्ला होंगे एवं राम प्रकाश अग्रवाल, जेपी बागला, भगवान दास बंसल, कामता प्रसाद अग्रवाल, अशोक जैन (डॉक्टर सोप) और नवल किशोर अग्रवाल सदस्य होंगे।