रामभक्ति दिवस लाएगा सबको करीब
आगरा: जनकपुरी आयोजन में एक जुलाई को होने वाली वृहद बैठक बेहद ही महत्वपूर्ण होगी।
जागरण संवाददाता, आगरा: जनकपुरी आयोजन में एक जुलाई को होने वाली वृहद बैठक बेहद ही महत्वपूर्ण होने जा रही है। इस बैठक को रामभक्ति दिवस के रूप में आयोजित कर सभी को एकजुटता और एकता संदेश दिया जाएगा। साथ ही जनक महल को भव्यता और अद्भुत बनाने के लिए लोगों से सुझाव भी मांगे जाएंगे।
जनकपुरी आयोजन में विवाद से अलग अब सभी को एकजुट करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए एक जुलाई को होने वाली बैठक बेहद अहम रहेगी। जनकपुरी आयोजन समिति संयोजक सुरेंद्र गुप्ता एड. ने बताया कि एक जुलाई को छाए विवादों के सारे बादल इस बैठक के बाद हट जाएंगे। इसे धार्मिक कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जाएगा और इसे रामभक्ति दिवस नाम दिया गया है। इसमें पूरी विजय नगर कॉलोनी के लोग बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे और आयोजन की सफल बनाने का संकल्प लेंगे।
अद्भुत होगा जनक महल
जनकपुरी महोत्सव में जनक महल वैसे तो हर बार ही शानदार होता है, लेकिन विजय नगर कॉलोनी में हो रहे आयोजन में जनक महल इस बार अद्भुत होगा। इस बार ऐसी थीम होगी, जिसे लोग सालों तक न भूल पाएं। इसके लिए क्षेत्र के साथ शहर के लोगों से मदद भी ली जाएगी। जल्द ही आयोजन समिति लोगों से थीम के लिए सुझाव मांगने के लिए एक अभियान चलाएगी और फिर उसमें प्राप्त होने वाले सुझावों पर विचार कर थीम चुनी जाएगी।
विधायक के अल्टीमेटम की अवधि खत्म
आयोजन के लिए हो रहे समिति विवाद को सुलझाने के लिए श्रीराम लीला कमेटी अध्यक्ष विधायक जगन प्रसाद गर्ग ने सुलह के लिए दोनों कमेटियों को दो दिन का अतिरिक्त समय दिया था, जो गुरुवार को पूरा हो गया। अब इसके बाद सभी को उनके अगले कदम का इंतजार है।