आगरा इनर रिंग रोड, नोएडा से आने वालों को जोड़ेगी सीधे ग्वालियर हाईवे पर; दिसंबर में होगी चालू
आगरा इनर रिंग रोड के तीसरे चरण का निर्माण एनएचएआई की लचर कार्यशैली के कारण चौथी बार विलंबित हुआ है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) आगरा खंड के अधिकारियों की लचर कार्यशैली के चलते चौथी बार अंतिम तिथि बढ़ गई है। गुतिला में पुल का निर्माण अभी तक नहीं हुआ है। यह कार्य 30 नवंबर तक पूरा होगा। इसके बाद दो सप्ताह तक रोड का परीक्षण होगा और फिर जनता के लिए रोड को खोला जाएगा।
आठ किमी लंबी रोड 400 करोड़ रुपये से बन रही है। इस रोड को ग्वालियर-आगरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। लखनऊ और यमुना एक्सप्रेसवे को ग्वालियर रोड से जोड़ने के लिए तीन चरण में इनर रिंग रोड बन रही है। दो चरण पूरे हो चुके हैं। दोनों चरण का निर्माण एडीए ने कराया है। एनएचएआइ आगरा खंड ने दो साल पूर्व इनर रिंग रोड के तीसरे चरण की रोड का निर्माण शुरू हुआ था।
जमीन अधिग्रहण में देरी के चलते यह कार्य आठ माह तक ठप रहा। सबसे पहले एनएचएआइ ने 31 मार्च 2015, दूसरी बार सितंबर 2025 और तीसरी बार 30 जून 2026 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा था। अभी तक गुतिला में पुल बनकर तैयार नहीं हुआ है। इसके चलते अब 30 नवंबर तक कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
परियोजना निदेशक राहुल सिंह ने बताया कि 30 नवंबर तक इनर रिंग रोड की तीसरे चरण की रोड का कार्य पूरा होगा। इसी रोड से ग्वालियर-आगरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे भी जुड़ेगा। साथ ही रोड को ग्वालियर हाईवे से भी जोड़ा जाएगा। बाद गांव में इंटरचेंज का निर्माण किया जा रहा है। दिसंबर में रोड का परीक्षण होगा।
यह होगा फायदा
इनर रिंग रोड के तीसरे चरण की रोड बनने से भारी वाहन शहर के बाहर से होकर निकल जाएंगे। इससे वाहनों को शहर में प्रवेश की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे जाम की समस्या पर अंकुश लगेगा।
