ताजमहल के पास होटल को बम से उड़ाने की धमकी, बोला...किसी भी दिन फट जाएगा
आगरा में ताजमहल के पास स्थित होटल ताज रिजॉर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला, जिससे सुरक्षा ...और पढ़ें

होटल ताज रिजॉर्ट।
जागरण संवाददाता, आगरा। आपके होटल के एक कमरे में बम लगा है, इस सप्ताह किसी भी दिन फट जाएगा। गुरुवार को धमकी भरे ईमेल से ताजमहल पूर्वी गेट के पास स्थित होटल ताज रिजार्ट में दहशत फैल गई। पुलिस और बम निरोधक दस्ते के साथ सुरक्षा एजेंसियां मौके पर दौड़ पड़ीं।
घेराबंदी करके करीब दो घंटे तक होटल का कोना-कोना छान मारा। तलाशी में कुछ संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस का मानना है किसी ने दहशत फैलाने के लिए फर्जी सूचना दी थी। ईमेल कहां से भेजा गया, साइबर क्राइम सेल से जांच कराई जा रही है।
घटना शाम साढ़े पांच बजे की है। पूर्वी गेट के पास स्थित होटल ताज रिजार्ट मेल आईडी पर ईमेल आया। जिसमें अंग्रेजी में लिखा था कि होटल के एक कमरे में बम है। इस सप्ताह किसी भी दिन फट जाएगा। ईमेल देखते ही कर्मचारी दहशत में आ गए। इसकी जानकारी उन्होंने मैनेजर और पुलिस को दी।
अधिकारी कई थानों की पुलिस, बम निरोधक दस्ते के साथ पहुंच गए। एलआइयू और इंटेलीजेंस ब्यूरो पहुंच गई। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि होटल में 34 कमरे हैं। 16 कमरों में पर्यटक ठहरे हुए थे। बम निरोधक दस्ते ने एक-एक कमरे को चेक किया गया।
पर्यटकों दहशत में नहीं आएं, इसलिए उन्हें बताया गया कि यह नियमित जांच का हिस्सा है। उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। बम निरोधक दस्ते ने करीब दो घंटे तक पूरे होटल के एक-एक कोने की जांच की। जिसमें कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। डीसीपी सिटी ने बताया कि ईमेल कहां से आया और किसने भेजा है, साइबर सेल से इसकी जांच कराई जा रही है।
