ऑनर किलिंग, बेटी की हत्या करने वाले पिता के कपड़े और बांक की होगी आगरा फोरेंसिक लैब में जांच
पिता चंद्रवीर सिंह ने अपनी 17 वर्षीय बेटी लविश्का की झूठी शान के लिए हत्या कर दी थी, जिसके मजबूत ...और पढ़ें

आगरा की फोरेंसिक लैब।
जागरण संवाददाता, आगरा। झूठी शान के लिए अपनी 17 वर्षीय बेटी लविश्का की हत्या करने वाले पिता चंद्रवीर सिंह के खिलाफ पुलिस ने मजबूत फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने का कार्य प्रारंभ कर दिया है। चंद्रवीर की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांका तीन सितंबर को बरामद किया गया था।
पुलिस ने हत्यारोपित के हाथों से खून का नमूना भी लिया है और उसके खून लगे कपड़ों को फोरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजा है। पंचगाईं खेड़ा निवासी चंद्रवीर सिंह, जो बिल्डिंग मैटीरियल का काम करता है। दूसरे समाज के युवक से अपनी बेटी की मित्रता से क्रुद्ध होकर हत्या कर दी थी।
बेटी लविश्का मंगलवार की शाम बिना बताए घर से निकली थी और रात एक बजे लौट आई थी। चंद्रवीर ने गुस्से में आकर लविश्का के सिर पर बांका मारा और फिर उसका गला घोट दिया। पुलिस ने चंद्रवीर के बयानों की वीडियोग्राफी की है, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार की है।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि चंद्रवीर ने बेटी के सिर पर दो बार वार किया, जिससे खून के छींटे उसके कपड़ों पर आए। बरामद बांका पर हत्यारोपित के फिंगर प्रिंट भी मिले हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्यारोपित की बात का समर्थन
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने भी आरोपित के बयान का समर्थन किया है, जिसमें सिर में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। मृतका के गले पर दबाने के निशान भी पाए गए हैं। यदि मृतका के परिवार ने बयान नहीं दिए, तो भी मजबूत फोरेंसिक और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर चार्जशीट दायर की जाएगी।
