लंदन से एमबीए और स्कॉटलैंड में नौकरी, पैसे वाली बहू से मांगा एक करोड़ और दहेज; होटल मालिक समेत तीन को जेल
आगरा में लंदन से एमबीए कर चुकी एक व्यवसायी की बेटी की शादी दहेज उत्पीड़न के कारण टूट गई। पति ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, आगरा। लंदन से एमबीए करने वाली शहर के एक पत्थर व्यवसायी की बेटी की शादी आठ महीने में ही टूट गयी। वह दो महीने ही ससुराल में रही। आरोप है कि शादी में चार करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी पति और सास-ससुर एक करोड़ रुपये मांग रहे थे। दहेज के लिए प्रताड़ित किया और जबरन गर्भपात करा दिया। परिवारों के बीच समझौते के सारे प्रयास नाकाम हो गए।
रविवार को पुलिस ने आरोपित होटल मालिक ससुर, सास और पति को जेल भेज दिया। न्यू आगरा स्थित निर्भय नगर निवासी राजीव गुप्ता ने बेटी की शादी 26 नवंबर 2025 को सिगनेचर सिटी, शमसाबाद रोड निवासी नंदित बंसल के साथ की थी। राजीव गुप्ता का पत्थरों का काम है। बेटी के ससुर गोविंद बंसल का सदर क्षेत्र में सवेरा होटल है। पति नंदित साफ्टवेयर इंजीनियर है। हैदराबाद में तैनात है।
राजीव गुप्ता ने पुलिस को बताया कि बेटी लंदन से एमबीए करके स्काटलैंड में एक कंपनी में कार्यरत थी। उन्होंने बेटी की शादी में चार करोड़ रुपये खर्च किए थे। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल में बेटी का उत्पीड़न किया जाने लगा। बेटी की गृहस्थी बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।
एक दिन बेटी ने पति के मोबाइल की वाटसएप चैट देखी। बेटी को जान का खतरा था, वह मायके आ गयी। कई बार पंचायत की, लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। ससुराल वाले एक करोड़ रुपये मांग रहे थे। उन्हें मजबूरी में मुकदमा दर्ज कराना पड़ा। ससुराल वालों द्वारा रकम मांगने के साक्ष्य पुुलिस को दिए थे।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपित पति नंदित बंसल, ससुर गोविंद बंसल और सास मीनू बंसल को शनिवार को हैदराबाद से गिरफ्तार किया था। तीनों को ट्रांजिट रिमांड पर आगरा लेकर आयी। थानाध्यक्ष न्यू अगारा निशामक त्यागी ने बताया कि रविवार को तीनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया, वहां से उन्हें जेल भेज दिया।
