आगरा में 2000 लीटर मिलावटी दूध नष्ट कराया, जलेसर से आए थे दो टैंकर; पनीर और दही के भी लिए नमूने
आगरा में एफएसडीए टीम ने जलेसर से आ रहे लगभग 2000 लीटर मिलावटी दूध को नष्ट किया, जिसकी कीमत एक ...और पढ़ें

आगरा में टैंकर से दूध को फिंकवाती एफएसडीए टीम।
जागरण संवाददाता, आगरा। जलेसर से शहर में दूध की सप्लाई के लिए आ रहे दो टैंकरों को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने एमजी रोड पर पकड़ लिया। दूध में गंदगी और कोल्ड चेन मेंटेन न होने पर एक लाख रुपये से अधिक कीमत का 1996 लीटर दूध नष्ट कराने के साथ ही नमूने लिए हैं।
वहीं, मैक्स और बाइक से दूध लेकर आ रहे दूधियों पर भी कार्रवाई की गई, दूध के नमूने लिए गए। डेरी से दही और पनीर के नमूने लिए गए हैं। एफएसडीए के सहायक आयुक्त खाद्य महेंद्र सिंह ने बताया कि एमजी रोड पर टीम ने मैक्स पिकअप टैंकर को जांच के लिए रोका। जलेसर से एक हजार लीटर मिश्रित दूध को शहर में सप्लाई के लिए लाया गया था, दूध में गंदगी और कोल्ड चेन भी मेंटेन नहीं हो रही थी।
टैंकर चालक रिजवा जलेसर के रहने वाला अजय दूध के क्रय विक्रय के अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। एक नमूना जांच के लिए लेने के साथ 998 लीटर दूध नष्ट करा दिया गया। दूध की कीमत 55 रुपये प्रति लीटर बताई गई। 54890 रुपये का दूध नष्ट कराया गया। कुछ देर बाद ही एक और टैंकर को टीम ने पकड़ लिया।
दूध विक्रेता शिलमई जलेसर के रहने वाले उमेश की सहमति के बाद 998 लीटर दूध कीमत करीब 54,890 रुपये को नष्ट करा दिया गया एक नमूना लिया गया है। नमूने की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक टीम ने मुड़ी के चौराहे पर दूधियों की जांच की। गाड़ी से दूध लेकर आ रहे हाथरस के गांव सिरवरा के रहने वाले संजू, राहुल को रोक कर दूध के नमूने लिए। मुड़ी के चौराहा स्थित महेंद्र सिंह के दुग्ध संग्रह केंद्र से भी दूध का नमनूा लिया गया। नादऊ फ्लाईओवर के पास मोटरसाइकिल से दूध लेकर जा रहे राहुल को रोक लिया और नमूना लिया। आहरन, एत्मादपुर में अनिरुद्ध गौतम से दूध के नमूने लिए गए।
एक अन्य टीम ने पवन दूध भंडार कुतलपुर रोड से दही और पनीर के नमूने लिए। फतेहपुर सीकरी में भोला डेरी व लाइफ डेरी से दूध के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष कुमार सिंह, राकेश कुमार यादव, सुश्री श्वेता चक्रवर्ती ,सुरेंद्र कुमार चौरसिया शामिल रहे।
