शादी का सपना दिखाकर ठगे कुंवारे
आगरा: कुंवारों से ठगी को पूरा ताना-बाना बुना गया। लड़की की गोद भराई कराके रुपये ऐंठ लिए। बुधवार शाम को दूल्हे बरात लेकर मैरिज होम में पहुंचे, तब मामला खुला।
संवाद सूत्र, फतेहपुर सीकरी: शादी के नाम पर ठगी तो पहले भी सुनी और देखी होंगी। मगर, सगाई के नाम पर पहली बार ऐसा हुआ होगा। कुंवारों से ठगी को पूरा ताना-बाना बुना गया। लड़की की गोद भराई कराके रुपये ऐंठ लिए। बुधवार शाम को दूल्हे बरात लेकर मैरिज होम में पहुंचे, तब मामला खुला। इसके बाद रात को ही पुलिस को साथ लेकर लड़के वाले आरोपितों के घर पहुंच गए। पुलिस ने चार को हिरासत में लिया है।
फतेहपुर सीकरी के चार हिस्सा के रहने वाले 4-5 युवकों ने कुछ दिन पहले इस फर्जीवाड़े की योजना बनाई। वे सौंख निवासी बाबूलाल के घर पहुंचे। उनके बेटे मुकेश की शादी का प्रस्ताव रखते हुए उन्होंने बात शुरू की। लड़का देखने के बाद उन्होंने अपनी एक और बेटी के लिए लड़का बताने को कहा। बाबूलाल ने अलवर निवासी अपने रिश्तेदार गोविंदा के बेटे सतेंद्र को देखने के लिए भेज दिया। शातिरों ने वहां पहुंचकर चाय-नाश्ता किया और लड़के को देखकर रिश्ता पक्का कर लिया। 10 अप्रैल को लड़की को मथुरा ले जाकर गोद भराई की रस्म पूरी कर दी। इसके बाद वहीं सगाई भी हो गई। अलवर के परिवार को लड़की देखने के लिए पश्चिमपुरी स्थित गायत्री मैरिज होम में बुलाया। 13 अप्रैल को परिवार वहां पहुंचा। शातिरों ने वहां दो लड़कियां और कुछ महिलाएं बुला रखी थीं। व्यवस्थाएं ऐसी थीं, कि कोई शक नहीं कर सके। लड़कियों के पसंद आने पर गोद भराई की रस्म पूरी हुई। शादी में लेनदेन की बात आने पर शातिरों ने कि गरीबी के कारण शादी का खर्च उठाने में असमर्थता जताई और दोनों ओर का खर्च लड़के वालों को ही करने के लिए राजी कर लिया। बातों के जाल में फंसाकर शातिरों ने लड़के वालों से चार लाख रुपये ले लिए। शादी की तिथि 18 अप्रैल फाइनल कर दी और बरात लेकर उसी मैरिज होम में आने को कह दिया। बुधवार को दोनों परिवार दूल्हों और करीब 60 बरातियों के साथ वहां पहुंचे। मगर, वहां लड़की वालों में से कोई नहीं मिला। मैरिज होम वाले से पता किया तो उसने उस नाम से कोई बुकिंग न होने की बात कही। इस पर गोद भराई के दौरान खींचे गए फोटो दिखाकर लड़के वाले पुलिस की मदद से रात को ही फतेहपुर सीकरी के चार हिस्सा में पहुंच गए। पुलिस ने इस मामले में चार युवकों को उठाया है, इनमें से एक नाई बना था। अभी उनसे पूछताछ की जा रही है। दूल्हे के परिजनों ने इस मामले में फतेहपुर सीकरी थाने में तहरीर दी। पुलिस ने घटनास्थल अपने यहां का न होने का हवाला देकर उन्हें सिकंदरा या मथुरा में जाकर मामले की शिकायत करने को कह दिया।
मोबाइल बंद होने पर हुआ शक
बुधवार को दूल्हे बरात के साथ पश्चिमपुरी स्थित मैरिज होम में पहुंचे। वहां लड़की वालों को न देखकर उन्होंने फोन मिलाया, तो स्विच ऑफ मिला। जबकि सगाई के बाद इसी नंबर पर लगातार शादी की तैयारियों को लेकर बात हो रही थी।