विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के यूट्यूबर गणेश लाजवाब यादव पर आगरा में FIR, अश्लील गाने पर भड़के लोग

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 01 Oct 2026 06:13 PM (GMT+05:30)

आगरा साइबर क्राइम थाने में यूट्यूबर गणेश लाजवाब यादव के खिलाफ एक अश्लील गाने को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, आगरा। बिहार के वैशाली जिले के यूट्यूबर गणेश लाजवाब यादव के विरुद्ध साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज। यूट्यूबर के एक गाने को लेकर आगरा के सविता सेन समाज में आक्रोश था। समाज के लोगों ने गुरुवार को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से मुलाकात करके यूट्यूबर पर इंटरनेट मीडिया में गाने के नाम पर अश्लील कंटेंट परोसने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।

पुलिस आयुक्त ने साइबर क्राइम थाने काे कार्रवाई के निर्देश दिए थे। समाज की ओर से साइबर क्राइम थाने में यूट्यूबर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी। जिसके आधार पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

यूट्यूबर गणेश लाजवाब का यूट्यूब पर 2 मिनट 33 सेकेंड का गाना प्रसारित हो रहा था। जिसके बोल बाप चलावे सैलून बेटी देखावे... प्रसारित हो रहा था। तीन सप्ताह पूर्व यूट्यूब पर प्रसारित हुए उक्त वीडियो को अब तक 1200 लोग लाइक कर चुके हैं। जबकि 1.20 लाख व्यूज हो चुके हैं।

समाज के लोगाें ने आरोप लगाया कि गीत में सैलून व्यवसाय से जुड़े लोगों के प्रति कथित अश्लील एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयाेग किया गया है। कंटेंट में उनके समाज एवं पारंपरिक पेशे को आपत्तिजनक एवं अश्लील तरीके से प्रस्तुत किया गया है। जिससे समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

मुकदमे में यूट्यूुबर के अलावा उसके निर्माण, गायन, लेखन, रिकार्डिंग, अपलोडिंग एवं प्रचार-प्रसार से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की गई है। महानगर अध्यक्ष राजीव सविता और पवन सिंह ने बताया कि महासभा ने पुलिस से उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए वीडियो में प्रयुक्त कथित आपत्तिजनक शब्दों की संदर्भ सहित जांच कराने तथा कानून का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति को जांच से पहले दोषी ठहराना नहीं, बल्कि समाज की भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री की निष्पक्ष जांच कराना है। इस अवसर पर पार्षद अरविन्द मथुरिया, पवन सिंह, चंद्रभान समाधिया , संजीव मथुरिया अध्यक्ष श्री नारायणी स्मृति कल्याण समिति आगरा, सुलेखा श्रीवास्तव, नरेंद्र कुमार आर्य, मनीष सैन, गिर्राज सविता, राजेश कुमार सेन, गोपाल सेन, विजय सविता, सतीश सविता आदि प्रमुख लोग मौजूद रहे।