विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आंखें निकाल रहा है...आगरा में विधायक की तू-तू...मैं-मैं, शोक जताने पहुंचे और सड़क की मांग पर भड़के

By Nirlosh Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 27 Aug 2026 10:01 AM (IST)

फतेहाबाद (आगरा) के भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे शोक जताने पहुंचे ग्रामीणों और ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, फतेहाबाद (आगरा)। आंखें निकाल रहा है। फेरे पर आए थे। जा रहे हम...। हम पसीना देकर बीमार हो गए और यह आंखें निकाल रहा है...। काहे आंखें निकाल रहा है। ज्यादा दिमाग खराब हो गया है। खा जाएगा हमें... क्या कर लेगा। ...कह के देख। बहुत ज्यादा बोल रही है तू... जीभ चला रही है। ...आ गई है तो जीभ चलाएगा। तू क्यों बोल रही है। कौन है तेरा... शर्म नहीं आती।

घर से बाहर निकल के आ जा, तोहे बता दूं..। कैसे लड़ते हैं...? सोशल मीडिया पर बुधवार को प्रसारित हुए तीन मिनट चार सेकेंड के एक वीडियो में फतेहाबाद के भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा कुछ इसी अंदाज में तेवर दिखाते हुए नजर आए। छोटेलाल वर्मा बुधवार को गांव रामदास की ठार चाचीपुरा खंडेर में एक परिवार के यहां सांत्वना देने पहुंचे थे

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष गांव के रास्ते की समस्या उठाई। रास्ता खराब होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रसारित वीडियो में ग्रामीणों और विधायक के बीच रास्ते को लेकर हुई बात का हिस्सा नहीं है। वीडियो में विधायक कुर्सी पर बैठे हैं और उनके आसपास कुछ लोग फर्श पर मौजूद हैं।

वीडियो की शुरुआत विधायक के आंखें निकाल रहा है... कहने से होती है। जिससे ऐसा लगता है कि वह सामने बैठे किसी शख्स को फटकार रहे हैं। विधायक गर्म होते हैं तो वहां बैठे लोग कहते हैं कि नहीं, ऐसा नहीं है। कुछ लोग आकर हाथ के पंखे से उन्हें हवा करने लगते हैं। इसके बाद युवती कुछ कहती है तो विधायक उस पर भी बरस पड़ते हैं। वहां से उठकर बाहर आ जाते हैं और तेवर दिखाते हैं

सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में विधायक युवती से किस बात को लेकर नाराज या उत्तेजित दिखाई दे रहे हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। इससे पूर्व भी एक कार्यक्रम में विधायक के नाराज होने का वीडियो सामने आया था। विधायक छोटेलाल वर्मा का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी।