आगरा में पूर्व प्रधान की हत्या मामले में एसटीएफ को सफलता, 50 हजार का इनामी दबोचा
आगरा में पूर्व प्रधान अवनीश यादव की हत्या के मामले में वांछित 50 हजार के इनामी रमन सिंह उर्फ अंशु ...और पढ़ें

एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार बदमाश अंशु भदौरिया।
जागरण संवाददाता, आगरा। गवाही देकर लौट रहे पूर्व प्रधान अवनीश यादव की हत्या में वांछित 50 हजार केे इनामी रमन सिंह उर्फ अंशु भदौरिया को जैतपुर पुलिस और एसटीएफ ने गुरुवार की रात गिरफ्तार कर लिया। मध्य प्रदेश के भिंड के रहने वाले आरोपित रमन सिंह पर हत्या, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत सात मुकदमे दर्ज हैं।
पूर्व प्रधान की तीन जून को गवाही से लौटते समय पीछा करके गोलियां चलाकर पहले स्कार्पियो का टायर पंक्चर किया। इसके बाद पूर्व प्रधान और उनके भाई उपेंद्र उर्फ मालिक यादव पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गई थीं। जिसमें मालिक यादव घायल हो गए थे। उनके भाई पूर्व प्रधान की मौत हो गई थी।
घटना तीन जून की थी। जैतपुर के शाहपुर गुर्जर निवासी उपेंद्र उर्फ मालिक यादव और इंद्राराज यादव कें बीच प्रधानी के चुनाव की रंजिश चल रही थी। दोनों के बीच न्यायालय में मामला चल रहा है। मालिक यादव अपने बड़े भाई पूर्व प्रधान अवनीश यादव के साथ जैतपुर रहते थे। तीन जून कोे दोनों भाई गवाही देने कोर्ट गए थे।
वहां से रात आठ बजे घर लौट रहे थे। आगरा-इटावा स्टेट हाईवे पर उनकी कार का रमन सिंह और उसके साथियों ने पीछा कर लिया था। प्यारमपुरा गांव के पास ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनकी गाड़ी का टायर पंक्चर कर दिया। इसके बाद गाड़ी को घेरकर 25 राउंड गोलियां चलाईं।
अवनीश यादव की हत्या कर दी, उनके भाई मालिक यादव भी गोली लगने से घायल हो गए थे। पूर्व प्रधान के स्वजन ने विपक्षी पर मध्य प्रदेश से भाड़े के शूटर बुलाकर हत्या कराने का आरोप लगाया था। हत्या में भिंड के रमन सिंह का नाम सामने आया था। डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि रमन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
