आगरा: हेलमेट ने बचा ली जान, रोडवेज बस को ओवरटेक करते डंपर ने मारी एक्टिवा में टक्कर
रामबाग फ्लाईओवर पर रोडवेज बस को ओवरटेक करते डंपर ने एक्टिवा और कार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, आगरा। रामबाग फ्लाईओवर पर बुधवार को रोडवेज बस को ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित डंपर ने कार और एक्टिवा में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया, हेलमेट ने नीट परीक्षा की तैयारी करते छात्र की जान बचा ली। टक्कर से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया।
जिससे फ्लाईओवर पर एक घंटे तक जाम की स्थिति रही। पुलिस ने हाईड्रा की मदद से डंपर को हटवाकर यातायात काे सुचारू कराया। घटना बुधवार सुबह लगभग आठ बजे की है। टेढ़ी बगिया निवासी डा. जगदीश प्रसाद का बेटा धीरज सिकंदरा स्थित कोचिंग संस्थान में नीट की तैयारी कर रहा है। उन्होंने बताया कि बेटा रोज आटो से कोचिंग जाता था। बुधवार को देर होने के कारण जिद करके एक्टिवा लेकर निकल गया।
फिरोजाबाद से मथुरा की ओर जा रहे डंपर ने रामबाग फ्लाईओवर से पहले सुधा नर्सरी के सामने उसे टक्कर मार दी। हेलमेट पहने होने के कारण धीरज की जान बच गई। उसे मामूली चोटें आईं। इसके बाद अनियंत्रित डंपर डिवाइडर पर चढ़ गया।
इसी दौरान सिकंदरा की ओर से आती कार को भी उसने चपेट में ले लिया। टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंचे दारोगा कुलदीप सिंह ने चालक को कार से सुरक्षित बाहर निकाला। चालक डंपर को मौके पर छोड़कर भाग गया। जिससे रामबाग फ्लाई ओवर पर लंबा जाम लग गया।
करीब एक घंटे तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। एसीपी श्वेता वर्मा ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। पुलिस ने डंपर को हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया था।
