विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में डॉक्टर पति-पत्नी के बीच 'डिजिटल सौतन', काउंसिलिंग में चल रही सुलह की कोशिश

By Ali Abbas Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 27 Oct 2026 11:41 PM (IST)

आगरा में एक डॉक्टर दंपती के बीच पति की मोबाइल लत से रिश्ते में दरार आ गई है, जहां पत्नी ...और पढ़ें

आगरा में परिवार परामर्श केंद्र।

आगरा में परिवार परामर्श केंद्र।

अली अब्बास, आगरा। एक ही छत के नीचे रहने वाले वरिष्ठ चिकित्सक दंपती के बीच मोबाइल डिजिटल सौतन बन गया है। पति सर्जन और पत्नी स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। पति को यूट्यूब पर वीडियो देखने की लत दो वर्ष पहले पड़ी। वह घर आने के बाद पत्नी से बात करने की जगह मोबाइल पर वीडियो देखने लग जाते हैं। इससे पत्नी चिढ़ने लगीं, पति को समझाने का प्रयास किया। लत नहीं छूटी।

एक छत के नीचे रहते हुए भी पत्नी खुद काे उपेक्षित महसूस करने लगीं। मामला पुलिस परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंच गया। काउंसलिंग के दौरान चिकित्सक का कहना था कि वह शराब नहीं पीते और मसाला नहीं खाते। खाली समय में वीडियो देखते हैं, जिस पर चिकित्सक पत्नी का कहना था कि वीडियो से अच्छा है कि पति नशा कर लिया करें, कम से कम उनसे बात तो करेंगे।

वह अकेले में मोबाइल की स्क्रीन देखकर अपने चेहरे के भाव बदलते रहते हैं। यह अकेला मामला नहीं है, पति-पत्नी के बीच मोबाइल डिजिटल सौतन की जगह ले रहा है। घर और परिवार से दूर रहने वालों के बीच दूरियां कम करने वाला मोबाइल एक छत के नीचे रहने वाले पति-पत्नी के बीच अनदेखी डिजिटल दीवार खड़ी कर रहा है।

घर में मोबाइल को अधिक समय देना, बार-बार वाट्सएप चेक करना और चैट करना पति-पत्नी के रिश्तों में रार पैदा कर रहा है। परिवार परामर्श केंद्र में वर्तमान में एक हजार से अधिक मामले पहुंचे, जिनमें 35 से 40 प्रतिशत मामले मोबाइल के चलते होने वाली रार के थे। पिछले तीन वर्ष मे इस तरह के मामलों में बढोत्तरी हुई है। इससे पहले पति-पत्नी का एक दूसरे पर किसी और से प्रेम संबंध होने का शक करने के मामले अधिक थे।

आपसी रार के कारण

  • मोबाइल
  • शादी के बाद भी पति या पत्नी द्वारा किसी और से प्रेम संबंध होने का शक
  • सास-ससुर और ननद का हस्तक्षेप
  • पति द्वारा समय पर खर्चा नहीं देना।
  • पति द्वारा नशा करके पत्नी से मारपीट करना
  • पति का शारीरिक रूप से अक्षम होना

पति और पत्नी के बीच माेबाइल भी मनमुटाव और रार का कारण बन रहा है। पुलिस परिवार परामर्श केंद्र में आने वाले मामलों में काउंसलिंग के दौरान दंपतियो को समझाया जाता है कि वह एक दूसरे को अधिक समय दें।

-

हरेंद्र सिंह, डीसीपी मुख्यालय