दीपावली पर आगरा के घरों को मिल रहा नया लुक, जानें पेंट और सजावट के लेटेस्ट ट्रेंड
त्योहारी सीजन में आगरा में घरों को सजाने की तैयारी तेज हो गई है, जिसमें दीपावली के लिए पेंट, पीवीसी ...और पढ़ें

आगरा में एक शॉप से पेंट खरीदते ग्राहक।
जागरण संवाददाता, आगरा। त्योहारी सीजन शुरू होते ही घरों को सजाने और संवारने की तैयारी तेज हो गई है। दीपावली में एक माह से कम समय बचा है। साफ-सफाई के साथ घरों व कार्यालयों को नया रंग-रूप देने को पेंट कराने, इंटीरियर और एक्सटीरियर को नया लुक देने का काम शुरू हो गया है। दीवाराें की सीलन छिपाने के लिए पीवीसी पैनल लगवाना लोग पसंद कर रहे हैं।
फोम शीट और यूवी मार्बल शीट भी पसंद की जा रही हैं, इन्हें लगाना भी आसान है। पेंट बाजार में मध्यम रेंज के इमल्शन की करीब 60 प्रतिशत भागीदारी है। इसमें मैटल फिनिश और शाइनिंग फिनिश को ग्राहक पसंद कर रहे हैं। टेक्सचर पेंट में मार्बल, रस्टिक, दाने वाला और महीन दाने वाला प्रचलन में हैं। मार्बल टेक्सचर सबसे अधिक पसंद किया जा रहा है।
इसमें प्रति वर्ग फीट 30 से 40 रुपये सामग्री और 15 रुपये प्रति वर्ग फीट मजदूरी का खर्चा आता है। वुडन फिनिश में चार तरह की पालिश, मेलामाइन, टचवुड, पीयू वैरायटी हैं। मेलामाइन में 80 रुपये प्रति वर्ग फीट तक का खर्चा आता है। दरवाजों के लिए आयल पेंट में ब्राउन और क्रीम कलर अधिक पसंद किए जा रहे हैं।
ग्राहकों की पसंद शाइनिंग वाले पेंट बने हुए हैं। कमरों में इस बार लाइट काफी कलर और लाइट पर्पल कलर पसंद किए जा रहे हैं। कमरे की दीवारों पर अलग-अलग रंग कराना भी पसंद किया जा रहा है। इंटीरियर में डिजाइन के लिए स्टेंसिल पसंद की जा रही हैं। घर के बाहर की दीवारों पर कराने के लिए वेदरप्रूफ पेंट भी पसंद किया जा रहा है।
घर सजाने के लिए पेंट के अलावा पीवीसी पैनल और यूवी मर्बल शीट का उपयोग बढ़ा है। सीलन और दीमक से परेशान ग्राहक पीवीसी पैनल लगाना पसंद कर रहे हैं। फाल्स सीलिंग में भी पीवीसी पैनल पसंद किए जा रहे हैं। पीवीसी का एक फीट चौड़ा और 10 फीट लंबा पैनल 400 से 800 रुपये की रेंज में उपलब्ध है। आठ फीट लंबी और चार फीट चौड़ी यूवी मार्बल शीट दो से छह हजार रुपये तक की रेंज में है।
इसे ग्राहक अपने बजट के अनुरूप लगवाना पसंद कर रहे हैं। हाईलाइटिंग के लिए इसका उपयाेग हो रहा है। बाजार में यूवी मार्बल शीट की तरह की सस्ती इफोम शीट आई है। इसमें एडहेसिव लगा होता है। स्टीकर हटाकर इसे दीवार पर स्वयं लगाया जा सकता है। यह 20 रुपये प्रति फीट में उपलब्ध है।
वाॅल पेपर का चलन कम हुआ
वाॅल पेपर का चलन कम हुआ है। सीलन वाली दीवार पर यह उपयोग में नहीं लाए जा सकते हैं। उन्हीं दीवारों पर इनका उपयोग किया जा सकता है जिन पर सीलन या दीमक नहीं होती है।
विभिन्न तरह के पेंट्स का मूल्य
- इमल्शन: 100 से 200 रुपये प्रति लीटर
- डिस्टेंपर: 60 रुपये प्रति लीटर
- वेदरप्रूफ पेंट: 150 से 350 रुपये प्रति लीटर
- रस्टिक टेक्सचर: 25 रुपये प्रति वर्ग फीट की लागत
- मार्बल टेक्सचर: 50 से 55 रुपये प्रति वर्ग फीट की लागत
20 प्रतिशत महंगे हुए पेंट
पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार पेंट पर महंगाई भी देखने को मिल रही है। पिछले वर्ष की अपेक्षा 20 प्रतिशत तक कीमत बढ़ गई है। पिछले वर्ष डिस्टेंपर की जो बाल्टी 900 रुपये की आ रही थी, वह इस बार 1100 रुपये की है।
घरों की साज-सज्जा के लिए लाेग पहले की अपेक्षा अधिक जागरूक हुए हैं। घर को सुंदर बनाने को अब वह अपने बजट के अनुरूप खर्चा करने में हिचकते नहीं हैं। पिछले वर्ष की अपेक्षा 20 प्रतिशत तक वृद्धि बाजार में है। इन दिनों काम के लिए कारीगर नहीं मिल रहे हैं।
अंकुर अग्रवाल, डेकोरेटर्स एवं इंटीरियर कारोबारी
