फतेहाबाद के गांवों में विकास की नई रफ्तार, सड़क-नाला और आरओ प्लांट की सौगात; जिपं अध्यक्ष ने किया लोकार्पण
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने फतेहाबाद के गढ़ी तूरसी, घाघपुरा और रामगढ़ में कुल 81 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
जिला पंचायत अध्यक्ष ने विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
गढ़ी तूरसी, घाघपुरा, रामगढ़ में हुए विकास कार्य।
सड़क, नाला, आरओ प्लांट से मिली सुविधाएं।
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद (आगरा)। ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं की सौगात देते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने रविवार को गढ़ी तूरसी, घाघपुरा और रामगढ़ में जिला पंचायत से कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। विकास कार्य पूर्ण होने पर ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष का स्वागत और अभिनंदन किया।
ग्राम गढ़ी तूरसी में 320 मीटर लंबे आरसीसी खरंजे का 22 लाख रुपये की लागत से निर्माण कराया गया है। घाघपुरा में 120 मीटर लंबे आरसीसी कार्य पर 14 लाख रुपये और 170 मीटर लंबे नाला निर्माण पर 11 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं रामगढ़ में 480 मीटर लंबे सड़क खरंजे का 34 लाख रुपये की लागत से निर्माण कराया गया।
इसके साथ ही रामगढ़ में आरओ प्लांट का भी लोकार्पण किया गया। इन विकास कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ जल निकासी और शुद्ध पेयजल की समस्या से भी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष का आभार जताया।
इस अवसर पर डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास जिला पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। सड़क और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल, चिल्ड्रन पार्क और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
इस दौरान डॉ. मानसिंह, विजेंद्र सिंह प्रधान, राजेंद्र प्रधान, दीवान सिंह प्रधान, अजय पाल, हरिओम सिंह, ज्ञानी बाबू, नीरज प्रधान, त्रिवेंद्र, धर्मेंद्र, अजेंद्र सिंह, धीरेंद्र और राजेंद्र आदि मौजूद रहे।
