स्वच्छता सर्वेक्षण: देश के टॉप टेन शहरों में नहीं आ सका आगरा Agra
दो सर्वेक्षण में टॉप टेन का रखा गया था लक्ष्य। अब तीसरे और फाइनल राउंड पर टिकी रैंकिंग।
आगरा, जागरण संवाददाता। भले ही नगर निगम आगरा की रैंकिंग में सुधार आया हो लेकिन जो सपना संजोया गया था वह पहले और दूसरे राउंड के स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 में टूट गया है। देश में आगरा टॉप टेन शहरों में शामिल नहीं है। हालांकि तीसरे और फाइनल राउंड का रिजल्ट आना अभी बाकी रह गया है।
आगरा को टॉप टेन शहरों में शामिल करने का सपना स्वच्छता सर्वेक्षण-2019 से शुरू हुआ था। इसी आधार पर नगर निगम प्रशासन द्वारा प्रचार प्रसार भी किया गया। पिछली बार हुए सर्वे में आगरा की रैंक में भले ही सुधार हुआ हो लेकिन टॉप टेन के कहीं आसपास नहीं रहा। यह 85वें स्थान पर रहा। नगर निगम प्रशासन ने स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 की तैयारियां शुरू कीं। इसके लिए संसाधन बढ़ाए गए और हर माह साढ़े चार करोड़ रुपये खर्च किए गए। आगरा टॉप टेन शहर के आसपास नहीं रहा है।
यहां पर हुई चूक
- नगर निगम प्रशासन ने सफाई व्यवस्था को बेहतर किया लेकिन इसकी मॉनीटरिंग में कमी रही।
- डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन चालू किया गया लेकिन जिस तरीके से इसे आगे बढ़ाना चाहिए। वह काम नहीं हो सका।
- जिन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था ठीक रही, वहां जल्द कूड़ा भी फैल गया।
- कूड़े को अलग-अलग कैटेगरी में किया गया लेकिन इस पर बेहतर तरीके से अमल नहीं किया गया।
- जनता को जागरूक किया गया लेकिन यह स्थायी तरीके से नहीं चलाया गया।
- सफाई को लेकर विशेष चेकिंग अभियान पर ध्यान नहीं दिया गया।
छावनी परिषद की रही 53वींं रैंक
देश में छावनी परिषद आगरा की 53वीं रैंक रही है। परिषद प्रशासन ने पहले और दूसरे राउंड के स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 में 337.50 अंक का क्लेम किया था, जबकि 190.48 अंक प्राप्त हुए हैं।
फैक्ट फाइल
- आगरा नगर निगम में सौ वार्ड हैं।
- कुल वोटर साढ़े 12 लाख और आबादी 16 लाख है।
- नगर निगम में पांच हजार मोहल्ले शामिल हैं।
- नगर निगम चार जोन में बंटा है। यह लोहामंडी, ताजगंज, छत्ता, हरीपर्वत जोन शामिल हैं।