विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा के पास धनौली में FSDA का छापा, खंडहर कमरे से दो करोड़ की दवाएं बरामद

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 29 Sep 2026 06:08 PM (IST)

आगरा के धनौली में फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफएसडीए) ने एक खंडहर कमरे में छापा मारकर दो करोड़ रुपये ...और पढ़ें

धनौली में खंडहरनुमा कमरे से बरामद दवाओं की जांच करती टीम।

धनौली में खंडहरनुमा कमरे से बरामद दवाओं की जांच करती टीम।

संवाद सूत्र, मलपुरा (आगरा)। धनौली में मंगलवार सुबह फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफएसडीए) की टीम ने एक खंडहर कमरे में छापा मारकर करीब दो करोड़ रुपये से अधिक कीमत की दवाएं बरामद की। कमरे में दवाओं की पैकिंग कर रहे एक युवक को टीम ने मौके से हिरासत में लिया।

पुलिस और ड्रग विभाग की टीमें उससे पूछताछ कर रही हैं। विभाग ने बरामद दवाओं को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। धनौली में तीन छतरी के समीप रिहायशी क्षेत्र में एक खंडहर कमरे में दवाओं का भंडारण किए जाने की सूचना पर मंगलवार सुबह करीब नौ बजे एफएसडीए की टीम पहुंची।

टीम ने कमरे की घेराबंदी कर तलाशी ली तो वहां एक युवक दवाओं की पैकिंग करता मिला। उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। इसकी सूचना लखनऊ स्थित विभागीय कार्यालय को दी गई। इसके बाद फिरोजाबाद और हाथरस से भी ड्रग विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

तीनों टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कमरे में रखी दवाओं को कब्जे में ले लिया। इनकी अनुमानित कीमत दो करोड़ से अधिक है।

इन दवाओं की पेटियां मिलीं

कार्रवाई के दौरान केटोरॉल, कार्डेस, एलेग्रा, एलेग्रा-एम, लोसर-एच और जुलरा सहित विभिन्न दवाओं की पेटियां बरामद हुईं। इनकी अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक है। दवाओं के स्रोत, भंडारण और पैकिंग से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

12 घंटे से चल रही थी निगरानी

ड्रग विभाग की टीम करीब 12 घंटे से संदिग्ध ठिकाने की निगरानी कर रही थी। सोमवार रात से ही टीम ने क्षेत्र में गतिविधियों पर नजर रखी। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे दो युवक गोदाम के आसपास बैठे दिखाई दिए।

कुछ देर बाद एक युवक कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर गया। इसकी सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गए और युवक को हिरासत में ले लिया।