पहले 'महाभारत' और अब बारिश ने रोक दिए जनकपुरी के विकास कार्य
आगरा: ताजनगरी की ऐतिहासिक रामलीला में इस बार विजय नगर कॉलोनी को जनकपुरी आयोजन का सौभाग्य भले मिला हो लेकिन यहां के लोगों में वैसा उत्साह नहीं दिख रहा।
आगरा: ताजनगरी की ऐतिहासिक रामलीला में इस बार विजय नगर कॉलोनी को जनकपुरी आयोजन का सौभाग्य तो मिला लेकिन वहां प्रभु श्रीराम के स्वागत को लेकर न कोई उत्साह है और न ही उल्लास। आयोजन में महज 10 दिन शेष हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों की 'महाभारत' के चलते अब तक विकास कार्यो की शुरुआत नहीं हो पाई है। बारिश के चलते भी यहां विकास कार्यो में विलंब होना तय है।
रामलीला में शहर के जिस हिस्से में जनकपुरी आयोजन होता है, वहां तमाम विकास कार्य किए जाते हैं। इस बार विजय नगर कॉलोनी को जनकपुरी के लिए चुना गया। यहां भी विकास कार्यो के प्रस्ताव तैयार कर टेंडर कराए गए। करीब 11.5 करोड़ से विकास कार्य होने हैं, लेकिन अब तक कोई काम नहीं हुए है। पांच अक्टूबर को रामबरात निकलेगी। इसी दिन जनकपुरी में सीताजी का डोला भ्रमण करेगा लेकिन मौसम ने विकास कार्यो पर रोक लगा दी है। आशीष गार्डन जहां जनक महल बन रहा है, उसे छोड़ दें तो कहीं भी नहीं लगता कि यहां जनकपुरी सज रही है। जनकपुरी में होने हैं ये काम
- एडीए द्वारा सड़क, इंटरलॉकिंग, नाली बनाने के लिए दो करोड़ के काम।
- नगर निगम द्वारा सड़क निर्माण व मरम्मत, इंटरलॉकिंग, नाली व सीवर के सात करोड़ के काम।
- नगर निगम द्वारा विद्युतीकरण पर करीब 1.5 करोड़ रुपये के काम। प्रस्तावों पर उठ चुके सवाल
जनकपुरी क्षेत्र की विकास कमेटी द्वारा तैयार विकास कार्यो के प्रस्तावों में जनकपुरी के बाहरी क्षेत्रों के प्रस्ताव शामिल होने पर क्षेत्रीय लोग आपत्ति जता शिकायत भी कर चुके हैं। जनकपुरी में तीन पार्षदों शिरोमणि सिंह, धर्मवीर और नेहा गुप्ता के वार्ड हैं। जनकपुरी क्षेत्र में विद्युतीकरण से संबंधित काम एक-दो दिन में शुरू हो जाएंगे। मौसम विभाग ने 27 तक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसके बाद विकास कार्य तेजी से होंगे।
- नवीन जैन, मेयर