Agra Crime News: 50 तोले सोने के साथ घर से देशी घी भी बटोर ले गए चोर, आगरा में 25 लाख से ज्यादा की चोरी
Agra Crime News आगरा के पास थाना बरहन के पास नगला रूंध में चोराें ने दिया बड़ी वारदात को अंजाम। देर रात आलू की फसल की सिंचाई कर आया था किसान। सोने के अलावा चांदी और पीतल के सामान को भी चोर ले गए हैं।
आगरा, जागरण टीम। आगरा में रविवार देर रात चोराें ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोर करीब 50 तोले सोने के अलावा घर में रखे देशी घी को भी बटोर ले गए हैं। चांदी, पीतल का जो भी सामान हाथ लगा, उसे भी नहीं छोड़ा। करीब 25 लाख रुपये का माल चोरी होने की चर्चा है।
आगरा जिले के थाना बरहन ने गांव नगला रूंध में अज्ञात चोरों ने आलू किसान के घर को निशाना बना दिया। गांव निवासी छत्रपाल त्यागी रविवार देर रात 11 बजे आलू की फसल की सिंचाई कर वापस आए थे। वह परिवार जनों के साथ घर में सो रहे थे। सोमवार सुबह चार बजे जगार होने पर मालूम हुआ कि घर के दरवाजों के कुंदे टूटे पड़े हैं।
जिसमें से अज्ञात चोर 20 से 30 तोले सोना, दो से तीन किलो चांदी, पीतल के बर्तन सहित करीब 60 किलो देशी घी ले गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर एसपीआरए सत्यजीत गुप्ता, सीओ रवि गुप्ता भी पहुंच गए हैं। हमारे बरहन संवाददाता मुकेश कुशवाहा के अनुसार पीड़ित अभी तहरीर लिख रहे हैं, उसके बाद चोरी गए कुल सामान की असल स्थिति सामने आएगी।