विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाकिस्तानी खिलाड़ी की बल्लेबाजी निखार रहे आगरा के क्रिकेट कोच, फेसबुक से आया था संपर्क में

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 18 Sep 2026 06:30 PM (IST)

आगरा के कोच केके शर्मा पाकिस्तान के 9 वर्षीय अरहम आजम को निःशुल्क ऑनलाइन क्रिकेट कोचिंग दे रहे हैं। अरहम ...और पढ़ें

पाकिस्तान में बल्लेबाजी का अभ्यास करता अरहम और आगरा में क्रिकेट कोच केके शर्मा।

पाकिस्तान में बल्लेबाजी का अभ्यास करता अरहम और आगरा में क्रिकेट कोच केके शर्मा।

जागरण संवाददाता, आगरा। खेल के लिए कोई सीमा नहीं होती। इसकी मिसाल आगरा में देखने को मिल रही है। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलनगर का नौ वर्षीय अरहम आजम इन दिनों आगरा के कोच से बल्लेबाजी के गुर सीख रहा है। खास बात यह है कि दोनों की अब तक फोन पर बात तक नहीं हुई है।

अरहम के पिता अभ्यास का वीडियो वाट्सएप पर भेजते हैं और मलपुरा निवासी पूर्व क्रिकेटर एवं कोच केके शर्मा वीडियो देखकर कमियां बताते हैं। वह यह प्रशिक्षण पूरी तरह निश्शुल्क दे रहे हैं।

केके शर्मा ने बताया कि एक साल पहले उन्होंने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर क्रिकेट की बारीकियों से जुड़ी वीडियो साझा करना शुरू किया था। छह महीने पहले अरहम के पिता आरिफ उनसे फेसबुक के माध्यम से जुड़े। आरिफ प्रोफेसर हैं और भारतीय क्रिकेट के प्रशंसक भी हैं

उन्होंने बेटे की बल्लेबाजी तकनीक बेहतर करने के लिए भारत के कोच की तलाश की थी। अरहम की बल्लेबाजी के वीडियो देखने के बाद केके शर्मा ने उसकी मदद करने का निर्णय लिया। अरहम लेफ्ट आर्म बल्लेबाज है। केके शर्मा के अनुसार, उसकी बल्लेबाजी में कुछ तकनीकी कमियां थीं। सबसे पहले उन्होंने उसकी ग्रिप में सुधार कराया।

इसके बाद बल्लेबाजी के दौरान होने वाली दूसरी गलतियों पर काम शुरू किया। अब अरहम के पिता उसके अभ्यास के वीडियो बनाकर वाट्सएप पर भेजते हैं। केके शर्मा वीडियो देखकर कमियां पहचानते हैं और वायस नोट के जरिये उन्हें सुधारने का तरीका बताते हैं।

उनका उद्देश्य किसी भी बच्चे की प्रतिभा को सही दिशा देना है। अब तक वह पाकिस्तान के अलावा इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया, नेपाल, कनाडा और श्रीलंका के खिलाड़ियों को भी कोचिंग दे चुके हैं।

पिता बोले-भारत जैसी तकनीक की तलाश थी

अरहम के पिता आरिफ ने वायस नोट में कहा कि पाकिस्तान के मुकाबले भारत में क्रिकेट की तकनीक पर अधिक बेहतर तरीके से काम किया जाता है। जिस तरह केके शर्मा बच्चों को प्रशिक्षण दे रहे हैं, वह सराहनीय है। बेटे के भविष्य के लिए उन्हें एक अच्छे कोच की तलाश थी।