विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा: भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा को अंतिम विदाई, फतेहाबाद में उमड़ा जनसैलाब

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 25 Sep 2026 01:07 PM (IST)

फतेहाबाद के भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के पैतृक गांव नगला देवहंस में उनके अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। ...और पढ़ें

आगरा में राजपुर चुंगी स्थित घर पर विधायक छोटे लाल वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते सांसद राजकुमार चाहर।

आगरा में राजपुर चुंगी स्थित घर पर विधायक छोटे लाल वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते सांसद राजकुमार चाहर।

संवाद सूत्र, फतेहाबाद (आगरा)। फतेहाबाद के भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का पार्थिव शरीर शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे उनके पैतृक गांव नगला देवहंस पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। करीब 12 से 15 हजार समर्थक और ग्रामीण अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने पहुंचे।

गांव का माहौल शोक में डूब गया और 'बाबूजी का नाम अमर रहेगा' के नारों से गूंज उठा। पार्थिव शरीर के पहुंचते ही लोगों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और प्रमुख नेता भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

इनमें जिला पंचायत अध्यक्ष डा. मंजू भदौरिया, सांसद राजकुमार चाहर, पूर्व विधायक डा. राजेंद्र सिंह, जितेंद्र वर्मा, पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर, देवेंद्र त्यागी, राकेश कुशवाहा, पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय, जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया और राहुल सिसोदिया प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

भीड़ अधिक होने से नगला देवहंस और आसपास के मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। वाहनों की लंबी कतार लगने पर पुलिसकर्मियों को यातायात सुचारू कराने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने भीड़ को व्यवस्थित करते हुए वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की।

छोटेलाल वर्मा के निधन से फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ ने उनके प्रति समर्थकों और क्षेत्रवासियों की भावनात्मक जुड़ाव की तस्वीर सामने रख दी।