आगरा में CEC के इस्तीफे की मांग, किसानों के धक्के से गिरे सिटी मजिस्ट्रेट
आगरा में भारतीय किसान यूनियन टिकैत और संयुक्त किसान मोर्चा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग ...और पढ़ें

सुभाष पार्क के पास सिटी मजिस्ट्रेट से धक्का मुक्की करते भाकियू पदाधिकारी।
HighLights
किसान यूनियन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
एमएलसी चुनाव के बीच आगरा में किसानों ने किया विरोध प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, आगरा। एमएलसी चुनाव के मतदान के बीच भारतीय किसान यूनियन टिकैत और संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी एसआईआर के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन पर उतर आए। इस दौरान धक्का मुक्की होने पर सिटी मजिस्ट्रेट और थाना प्रभारी जमीन पर गिर पड़े।
भाकियू टिकैत और संयुक्त किसान मोर्च के पदाधिकारी शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपना चाहते थे। पुलिस ने उन्हें मतदान प्रक्रिया चलने के कारण थाना नाई की मंडी में बैठा लिया। सुबह 11:30 बजे डीएम मनीष बंसल ने आने का समय दिया था, लेकिन वे नहीं पहुंचे।
थाने पर दोपहर 12 बजे तक किसी के न आने पर किसान यूनियन के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट को मार्च करते हुए निकलने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। यूनियन के कार्यकर्ता आगे जाने के लिए जबरदस्ती करने लगे।
उसी समय सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने ज्ञापन वहीं देने को कहा, जबकि कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट की ओर जाने की जिद करने लगे। उसी दौरान हुई धक्का मुक्का के चलते सिटी मजिस्ट्रेट और थाना प्रभारी जमीन पर गिर गए। यूनियन जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया के हाथ में भी चोट आई है। बाद में सुभाष पार्क के सामने यूनियन कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
