मतदाता सूची में 54 हजार रिश्तों पर 'कुठाराघात'
आगरा: जिला निर्वाचन कार्यालय ने कमाल ही कर दिया। लोकसभा चुनाव के लिए तैयार मतदाता सूची में इस कदर गड़बड़ी की गई कि 54 हजार रिश्ते ही बदल गए।
जागरण संवाददाता, महेश चौधरी, आगरा:
जिला निर्वाचन कार्यालय ने कमाल ही कर दिया। सात जन्मों का साथ निभाने की कसम खाकर फेरे लेने वाले पति-पत्नी के रिश्ते बदल दिए तो कहीं पिता का नाम तो कहीं पुत्र-पुत्री के नाम बदल दिए। कई लोगों के रिश्तों को ही अजब शक्ल दे दी। कहीं पति के स्थान पर ससुर, पिता का नाम लिख दिया तो कहीं पिता के स्थान पर अन्य व्यक्ति का नाम दर्शा दिया है।
ये गड़बड़ी लोकसभा चुनाव के लिए तैयार की गई मतदाता सूचियों में उजागर हुई है। निर्वाचन कार्यालय के अफसरों, कर्मचारियों और बीएलओ की लापरवाही से कहीं नाम बदल गए तो कहीं उम्र। निर्वाचन कार्यालय के रिकॉर्ड के अनुसार जिले में 26 फरवरी तक 32 लाख 62 हजार 211 वोटर थे। लोकसभा चुनाव के लिए तैयार की गई मतदाता सूची में 17 प्रकार की 54 हजार से अधिक त्रुटियां उजागर हुई हैं। सर्वाधिक गड़बड़ी पति-पत्नी और पिता-पुत्रों के नामों को बदलने, गलत करने की हैं। इस सूची के आधार पर वोटरों को लोकसभा चुनाव में मतदान करने में दिक्कत होगी, उनके पुराने वोटर कार्ड पर सवाल उठेंगे। किसी योजना का लाभ के लिए भी उक्त सूची का उपयोग नहीं किया जा सकेगा। जिन लोगों को इन गड़बड़ियों के बारे में जानकारी हो रही है वह मतदाता निर्वाचन कार्यालय में शिकायत दर्ज करा रहे हैं और सुधार के लिए प्रार्थना पत्र दे रहे हैं। इसके लिए उन्हें अन्य प्रमाण पत्रों की प्रतियां भी लगानी पड़ रही हैं। सर्वाधिक त्रुटिया 30 से 40 वर्ष तक की महिलाओं और उनके पतियों के नामों में आई हैं।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भारत सिंह ने बताया कि मतदाता सूची में 54 हजार 895 मतदाताओं के नाम, पता, बल्दियत, उम्र से संबंधित व गड़बड़ी हुई हैं। उन्हें मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सुधारा जाएगा। घर-घर जाकर सत्यापन कराया जाएगा। किस स्तर से यह गड़बड़ी हुई है, इसकी जांच की जाएगी। इसमें सुधार के लिए फार्म नंबर आठ को भरकर कार्यालय में जमा कराया जा सकता है। एक सितंबर से 30 अक्टूबर तक उन युवाओं को वोटर बनाने का काम किया जाएगा, जिनकी उम्र 18 वर्ष हाल में हुई है।
-- -केस एक
गणेश नगर लॉर्डस कॉलोनी निवासी रमाशंकर के पुत्र का नाम रोहित है। लेकिन वोटर लिस्ट में उसका नाम रोहन कर दिया है।
-
केस दो
नगला पदी के गौरव के पिता का नाम दीपक कुमार सालग है, जबकि वोटर लिस्ट में इनका नाम मुन्नालाल कर दिया है।
-
केस तीन
दयालबाग क्षेत्र के जगनपुर की कविता के पति का नाम ¨रकू है। लेकिन वोटर लिस्ट में उनका नाम टिंकू कर दिया है।
------
तमाम नवविवाहिताएं दो-दो स्थानों पर वोटर
तमाम महिलाएं ऐसी हैं, जो कि दो-दो स्थानों पर वोटर हैं। मायके और ससुराल में भी। ये वे महिलाएं हैं, जिनकी विगत पांच वर्षो में शादी हुई हैं। मायके वालों ने उनका नाम वोटर लिस्ट से कटवाया नहीं हैं, जबकि ससुरालीजनों ने अपने यहां की लिस्ट में बहू के रूप वोटर लिस्ट में नाम दर्ज करा रखा है। अब विभाग ऐसे नामों की लिस्ट बना रहा है। ताकि मायके वालों से प्रार्थना पत्र प्राप्त कर नाम को काटा जा सके।
सियासी दलों की नजर
इन दिनों सियासी दल मतदाता सूची का अवलोकन करने में जुटे हैं। भाजपा में तो इसके लिए अभियान के तहत कार्य किया जा रहा है। वे गलतियों को खोज रहे हैं। ताकि उनमें समय रहते सुधार कराया जा सके। त्रृटियों को लेकर सियासी दल भी शिकायत कर रहे हैं।