आगरा में चोरों ने चटकाए चार घरों के ताले, सोने चांदी के आभूषण ले उड़े
आगरा के अछनेरा और गोबरा गांवों में चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया, जहां से लाखों रुपये के सोने-चांदी ...और पढ़ें

अछनेरा में चोरी के बाद खाली पड़े बक्से।
संवाद सूत्र, अछनेरा (आगरा)। थाना अछनेरा क्षेत्र के नगला जाहरिया गांव में बुधवार रात चोरों ने दो भाइयों के घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नारायण सिंह पुत्र बिजेंद्र सिंह के घर से चोर दो सोने की लड़, टीका, झुमकी, नथ, चार चूड़ियां, हार, चार अंगूठियां, मंगलसूत्र, दो चांदी की कोंदनी, दो जोड़ी तोड़ियां समेत अन्य सामान और करीब 10 हजार रुपये चोरी कर ले गए। नारायण सिंह की पत्नी उर्मिला ने बताया कि परिवार के लोग रात में आंगन में सो रहे थे।
इसी दौरान चोर छत से होकर कमरे में घुसे और अंदर से कुंडी लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे गए। उन्होंने बताया कि चोरी हुआ अधिकांश सामान बेटी और बेटे की नवंबर में होने वाली शादी के लिए जुटाकर रखा था।
इसी के बगल में नारायण सिंह के बड़े भाई बबलू पुत्र रनवीर सिंह के घर में भी चोरों ने धावा बोला। यहां से दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी झुमकी, चार अंगूठियां, तीन जोड़ी तोड़ियां, दो कोंदनी और 20 हजार रुपये चोरी किए गए।
परिजनों के अनुसार चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और गेट का ताला तोड़ने के बाद गोदरेज की अलमारी तोड़कर सामान ले गए। लगभग दोनों घरों में से लगभग 30 से 35 लाख रुपये की चोरी का अनुमान है।
वहीं गोबरा गांव में रोहताश और उसकी भाभी के घर मे चोर ताला तोड़कर चोरी कर ले गए चोर चोरी मे सोने चांदी के आभूषण और नगदी बताई गई चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है। थाना प्रभारी विजय चंदेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।
