आगरा में यमुना पर बनेंगे पांच पांटून पुल, दीपावली तक मिलेगी आवागमन में राहत
लोक निर्माण विभाग ने आगरा में यमुना नदी पर पांच पांटून पुलों के निर्माण और मरम्मत के लिए 62.38 लाख ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। यमुना नदी के अलग-अलग घाटों पर आवागमन की सुविधा बहाल करने के लिए पांच पांटून पुलों के निर्माण, मरम्मत और अनुरक्षण के लिए लोक निर्माण विभाग ने 62.38 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसके तहत पुल का निर्माण मरम्मत और हटाने का कार्य किया जाएगा। मौसम खराब होने और अव्यवस्थाओं के चलते हटाए गए पांटून पुलों को दोबारा तैयार कराया जाएगा।
काम सोमवार से शुरू होना प्रस्तावित है। लक्ष्य दीपावली तक पुलों को तैयार करने का है। इन पुलों के बनने से यमुना के दोनों ओर बसे गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और कई जगहों पर दूरी भी कम होगी। एत्मादपुर से भाजपा विधायक धर्मपाल सिंह ने बताया कि पांटून पुलों के लिए धनराशि स्वीकृत हो गई है। इनमें पोइया घाट का पुल सबसे ज्यादा जरूरी है।
इसके तैयार होने से खंदौली की ओर आने-जाने वाले लोगों की दूरी कई किलोमीटर तक कम हो जाएगी। इसके अलावा यमुना पर चार अन्य स्थानों पर भी पुलों का निर्माण, मरम्मत आदि कार्य कराया जाएगा। पांटून पुलों के दोबारा तैयार होने से यमुना के आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्तों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। जाम की स्थिति से भी निजात मिलेगी।
हर पुल को बनाने के लिए अलग-अलग आइटम निर्धारित किए गए हैं। इनमें सबसे जरूरी डाबा वायर रोप, चर्क्ड प्लेट, पांटून, स्लीपर, बल्लियां, कील, नट बोल्ट, रस्सी शामिल हैं।
पांच स्थानों पर होगा काम
लोक निर्माण विभाग की ओर से स्वीकृत धनराशि के तहत आगरा जिले में पांच पांटून पुलों पर काम कराया जाएगा। इनमें तीन कार्य एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र और दो आगरा ग्रामीण क्षेत्र से संबंधित हैं।
किस पुल पर कितनी धनराशि
लोक निर्माण विभाग ने पांच पांटून पुलों के निर्माण, मरम्मत और अनुरक्षण के लिए कुल 62.38 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इनमें विधानसभा एत्मादपुर के पोइया घाट पुल के लिए 13.87 लाख रुपये, तनौरा नूरपुर–सुरैरा के बीच पुल के लिए 13.62 लाख रुपये और नगला चतुरा–सिकंदरपुर (दयालबाग) के बीच पुल के लिए 12.07 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसी तरह एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र के गिजौली–मऊ आनंदी भैंरों घाट पुल के लिए 11.59 लाख रुपये और विधानसभा आगरा ग्रामीण के नगला सवला मार्ग पर समोगर घाट पुल के लिए 11.23 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
